Bihar Vidya Sathi App: बिहार के छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में नई डिजिटल पहल शुरू की गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप लॉन्च किया. यह 24×7, वन-टू-वन इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों के छात्रों के लिए शुरू किया गया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक इस पहल से करीब 3 लाख छात्रों को सीधे लाभ मिलेगा. कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक चुनकर उनसे वन-टू-वन बातचीत के जरिए पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी.
अवध यूनिवर्सिटी में शिक्षा सुधार की पहल! विज्ञान संकाय की व्यवस्था होगी और मजबूत
24 घंटे लाइव शिक्षक, 75 हजार शिक्षक देंगे सहयोग
‘बिहार विद्या साथी’ के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े सवालों के जवाब किसी भी समय और कहीं से भी मिल सकेंगे. इस प्लेटफॉर्म पर करीब 75 हजार शिक्षक छात्रों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहायता देने में सहयोग करेंगे. कक्षा 9 और 10 के छात्रों के लिए सभी विषयों का डिजिटल स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराया जाएगा. वहीं कक्षा 11 और 12 के विज्ञान वर्ग के छात्रों को लाइव ट्यूटर की सुविधा के साथ बिहार बोर्ड, JEE और NEET की तैयारी के लिए भी डिजिटल अध्ययन सामग्री मिलेगी.
AI से कॉन्सेप्ट समझना होगा आसान
प्लेटफॉर्म में आधुनिक AI टूल्स का इस्तेमाल भी किया जाएगा. इसके जरिए छात्रों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाने और उन्हें लगातार पढ़ाई व अभ्यास करने की सुविधा देने की कोशिश की गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल यह व्यवस्था 700 मॉडल स्कूलों से शुरू की गई है और भविष्य में इसे राज्य के अन्य स्कूलों तक भी विस्तारित किया जाएगा.
गर्भवती महिलाओं के लिए AIIA की नई पहल, शुरू हुआ ‘Garbhini Mitra’ Course, 31 अगस्त तक आवेदन
‘जहां और जब पढ़ें, शिक्षक का साथ मिले’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों से इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छात्र जहां और जब पढ़ाई करें, उनके सवालों के जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उनके साथ उपलब्ध रहे. कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई. सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्री नगर की छात्राओं ने ऐप का लाइव प्रदर्शन कर इसकी सुविधाओं और लाभों के बारे में बताया.


