Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में दीपोत्सव 2026 के भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं. डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन स्थित भूतल सभागार में दीपोत्सव के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर पहली महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने की. इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध नजदीकी महाविद्यालयों और माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों व प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
यह भी पढ़ें- E-Commerce Rules 2026: सरकार ने बदले नियम, Search Results से Dark Patterns तक सख्त होंगे प्रावधान
टीम वर्क से बनेगा नया कीर्तिमान
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन धरती पर दीपोत्सव का आयोजन सभी के लिए पुनीत सेवा का अवसर है. उन्होंने कहा कि इतना बड़ा आयोजन पूरी तरह ‘टीम वर्क’ पर आधारित है और इसमें हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है. कुलपति ने अधिकारियों और संयोजकों को तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल के साथ समयबद्ध और त्रुटिरहित योजना तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस बार बेहतर प्रबंधन के जरिए विश्वविद्यालय को नया कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में काम करना है.
34 हजार से अधिक स्वयंसेवकों का बनेगा ऑनलाइन डाटाबेस
बैठक में स्थानीय महाविद्यालयों से जुड़े दीपोत्सव संयोजकों को आयोजन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए. कुलपति ने बताया कि आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 34 हजार से अधिक स्वयंसेवकों का ऑनलाइन डाटाबेस तैयार किया जाएगा. उन्होंने नोडल अधिकारी को तय समयसीमा के भीतर स्वयंसेवकों की पंजीयन सूची को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए. साथ ही सभी घाटों को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने की बात कही गई.
घाटों पर पानी, सफाई और वाहनों की होगी व्यवस्था
कुलपति ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान घाटों पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके अलावा स्वयंसेवकों के सुरक्षित आवागमन के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी.
छोटे बच्चों को नहीं बनाया जाएगा स्वयंसेवक
बैठक में सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए. कुलपति ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग और राज्य सरकार के निर्देशों के तहत किसी भी परिस्थिति में छोटे बच्चों को स्वयंसेवक के रूप में शामिल नहीं किया जाएगा. उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें- Aadhaar DOB Update: आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत है तो ऐसे कराएं सुधार, जानिए नियम और जरूरी दस्तावेज
ये लोग रहे मौजूद
बैठक में नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र, साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी समेत राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज, साहबदीन सीताराम इंटर कॉलेज, मनोहर लाल इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शिव सावित्री महाविद्यालय, कैनोसा इंटर कॉलेज, ग्रामर इंटरनेशनल स्कूल, एमआर जयपुरिया स्कूल, बीएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज और भगवान आशा बख्श सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य व प्रतिनिधि उपस्थित रहे.


