Chitrakoot Link Expressway: बुंदेलखंड में कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा. करीब 15.17 किलोमीटर लंबा 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे चित्रकूट धाम को सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. इसके बनने से उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश के सतना, रीवा और जबलपुर से चित्रकूट आने-जाने वाले लोगों को भी फायदा होगा. यह एक्सप्रेसवे आगे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली-NCR के रूट से कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा. इससे दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से चित्रकूट तक पहुंचना भी आसान होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बनेगा नया एलिवेटेड रोड, महिपालपुर से राजीव चौक तक सफर होगा आसान
15.17 किलोमीटर लंबा होगा एक्सप्रेसवे
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 15.172 किलोमीटर और चौड़ाई करीब 110 मीटर होगी. यह 6-लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा, जिस पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे. यह लिंक एक्सप्रेसवे भरतकूप के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट गोंडा से शुरू होकर बेड़ी पुलिया-रामघाट फोरलेन मार्ग पर रानीपुर भट्ट तक जाएगा. फिलहाल बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से आने वाले यात्रियों को भरतकूप उतरने के बाद स्थानीय रास्तों से होकर चित्रकूट पहुंचना पड़ता है. नए लिंक एक्सप्रेसवे के बनने के बाद यह सफर ज्यादा सीधा और आसान हो जाएगा.
मंदाकिनी घाट और रामघाट तक पहुंच होगी आसान
नया एक्सप्रेसवे चित्रकूट के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को बेहतर कनेक्टिविटी देगा. इसके जरिए मंदाकिनी नदी के घाट, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग और रामघाट जैसे प्रमुख केंद्रों तक पहुंच आसान होगी. खासकर चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्थानीय सड़कों के ट्रैफिक से राहत मिलने की उम्मीद है.
1008.67 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण पर करीब 1008.67 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्रस्ताव के मुताबिक, इस परियोजना का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार उठाएगी. परियोजना के लिए जल्द ही एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और ग्लोबल टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे. एजेंसी का चयन होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
एक्सप्रेसवे पर बनेंगे पुल, फ्लाईओवर और अंडरपास
इस हाईस्पीड कॉरिडोर में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए कई संरचनाएं बनाई जाएंगी. प्रस्ताव के मुताबिक इसमें 1 बड़ा पुल, 4 छोटे पुल, 1 फ्लाईओवर, 17 अंडरपास, 23 पुलिया, 1 टोल प्लाजा बनाने का प्रस्ताव है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के यशोभूमि से राजीव चौक तक दौड़ेगी मेट्रो, DPR में बड़ा बदलाव, इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे से भी जुड़ने की योजना
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे को भविष्य में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के साथ झांसी लिंक एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की योजना है. इससे झांसी और जालौन रूट से आने-जाने वाले यात्रियों को भी हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिल सकेगी. इस परियोजना के पूरा होने के बाद चित्रकूट की कनेक्टिविटी बुंदेलखंड के साथ-साथ मध्य प्रदेश और दिल्ली-NCR के प्रमुख रूटों से और मजबूत होने की उम्मीद है.


