Bijnor Bypass Opening Date: बिजनौर जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे से जुड़े बिजनौर बाईपास का निर्माण 92 फीसदी पूरा हो चुका है. अब इसे 15 अक्टूबर तक वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने की तैयारी है. बाईपास चालू होने के बाद बिजनौर शहर में बाहरी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. करीब 8 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को बिजनौर बैराज मार्ग और बिजनौर-नजीबाबाद मार्ग को आपस में जोड़ने के लिए बनाया जा रहा है. यह परियोजना मेरठ-कोटद्वार हाईवे को फोरलेन में बदलने वाले प्रोजेक्ट का हिस्सा है.
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का बड़ा विस्तार, भिलाई स्टील प्लांट को मिली नई रफ्तार, दल्लीराजहरा-रावघाट लाइन शुरू
92 फीसदी निर्माण पूरा
बाईपास का निर्माण माउंट लिट्रा स्कूल से शुरू होकर नजीबाबाद मार्ग पर गांव पेदा के पास निकलता है. अधिकारियों के मुताबिक, बाईपास का करीब 92 फीसदी काम पूरा हो चुका है. सर्विस रोड पूरी तरह तैयार है. फिलहाल दो पुलों की अप्रोच रोड पर काम चल रहा है. एक नहर के पुल की अप्रोच रोड का काम भी जारी है. वहीं पेदा गांव के पास बने अंडरपास की अप्रोच रोड पर तारकोल की अंतिम परत डाली जानी बाकी है.
बाईपास शुरू हुआ तो शहर में कम होगा ट्रैफिक
बाईपास के चालू होने से दिल्ली और मेरठ की ओर से पौड़ी जाने वाले वाहनों को बिजनौर शहर के भीतर से गुजरने की जरूरत नहीं होगी. ये वाहन सीधे बाईपास के रास्ते आगे निकल सकेंगे. इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा मेरठ से नगीना और कोतवाली की ओर जाने वाले वाहनों को भी बाईपास का फायदा मिलेगा. इससे यात्रियों का सफर आसान होने के साथ-साथ समय की भी बचत हो सकती है.
15 अक्टूबर तक खुलेगा बाईपास
एनएचएआई के एसडीओ आशीष शर्मा ने बताया कि बाईपास निर्माण का काम 92 फीसदी पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक बाईपास को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा. बाईपास के शुरू होने के बाद बिजनौर शहर के ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और शहर के लोगों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.


