Haryana Police Recruitment 2027: हरियाणा पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. राज्य में अगले साल पुलिस विभाग में करीब 20 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी. हरियाणा पुलिस के महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 26 प्रतिशत रिक्त पदों को भरने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती अभियान चलाया जाएगा.
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में बनेगा बड़ा औद्योगिक हब, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे किनारे 1024 एकड़ में विकास की तैयारी
इस साल 5,500 पुलिसकर्मियों की भर्ती
DGP अजय सिंघल ने बताया कि हरियाणा में इस साल करीब 5,500 पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है. इसके अलावा लगभग 4,000 अन्य पुलिसकर्मियों की भर्ती नवंबर में होने जा रही है. उन्होंने कहा कि विभाग में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.
पुलिस के आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी सरकार का फोकस है. राज्य पुलिस अगले दो वर्षों में करीब 1,300 करोड़ रुपये आधुनिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च करेगी. वहीं, सरकार ने इस साल पुलिस वेलफेयर और आधुनिकीकरण के लिए 640 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं. विभाग को उम्मीद है कि अगले साल भी लगभग इतनी ही राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
4.5 करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुलिस स्टेशन
DGP ने सेक्टर 17-सी में सेक्टर 17-18 पुलिस स्टेशन की नई बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नई बिल्डिंग का निर्माण 4.5 करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन ने कराया है.
उन्होंने कहा कि इस साल राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 8 पुलिस स्टेशन, 3 पुलिस चौकी, 9 पुलिस इमारतें और 313 पुलिस हाउसिंग यूनिट का निर्माण किया गया है.
नए बजट से बनेंगे 11 पुलिस स्टेशन
अजय सिंघल ने बताया कि पुलिस वेलफेयर पर हर साल करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं. फिलहाल राज्य में 2 पुलिस स्टेशन, 5 पुलिस बिल्डिंग और 565 हाउसिंग यूनिट के निर्माण का काम चल रहा है.
उन्होंने बताया कि नए बजट के तहत 11 पुलिस स्टेशन, 5 पुलिस पोस्ट, एक पुलिस लाइन और 695 हाउसिंग यूनिट का निर्माण किया जाएगा.
वसूली के बढ़ते मामलों पर DGP ने क्या कहा?
वसूली और धमकी के बढ़ते मामलों को लेकर DGP अजय सिंघल ने कहा कि आम लोगों के बीच डर पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है. विदेश में बैठकर आपराधिक गतिविधियां चलाने वाले गैंगस्टरों पर भी कार्रवाई की जा रही है. DGP के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में 25 गैंगस्टरों को भारत लाया जा चुका है.
पंजाब से हो रही ड्रग तस्करी पर भी बोले
ड्रग तस्करी को लेकर अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा में सबसे ज्यादा तस्करी पड़ोसी राज्य पंजाब से हो रही है. इससे निपटने के लिए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स बनाई गई है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय भी ड्रग तस्करी की समस्या को लेकर गंभीर है.
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में बनेगा दूसरा बड़ा औद्योगिक हब, गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे किनारे 110 एकड़ जमीन चिह्नित
महिला सुरक्षा के लिए 33 महिला थाने और 112 ऐप
महिला सुरक्षा को लेकर DGP ने बताया कि हरियाणा में 33 महिला पुलिस स्टेशन संचालित किए जा रहे हैं. इसके अलावा CCTV नेटवर्क, 112 ऐप और स्कूल-कॉलेजों के आसपास दुर्गा शक्ति पेट्रोल वाहनों की तैनाती की गई है.
पुलिस के मुताबिक, इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है.


