बलिया: बैरिया से बिहार के आरा को सीधे जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित ग्रीनफील्ड फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है. बलिया जिले की ओर भूमि अधिग्रहण से जुड़ी कार्रवाई आगे बढ़ रही है. परियोजना के तहत एनएच-31 के पास शिवन टोला से प्रस्तावित फोरलेन गंगा किनारे पहुंचेगा और महुली गंगा घाट पर पुल के जरिए बिहार से जुड़ेगा.
यह भी पढ़ें- गोंडा में 1647 करोड़ की पश्चिमी रिंग रोड का रास्ता साफ, 24 गांवों की 107 हेक्टेयर जमीन होगी अधिग्रहित
37.76 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
परियोजना के यूपी हिस्से में विकासखंड मुरली छपरा के इब्राहिमाबाद उपरवार, कोडरहा उपरवार और रामपुर कोडरहा गांवों की करीब 37.76 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जानी है. भूमि अधिग्रहण के लिए प्रशासन की ओर से 3ए का प्रकाशन पहले ही किया जा चुका है. अब 3डी के प्रकाशन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. बताया जा रहा है कि बाढ़ के कारण कुछ समय के लिए भूमि संबंधी कार्रवाई प्रभावित हुई थी. पानी घटने के बाद संबंधित गाटों और भू-स्वामियों का निर्धारण किया जा रहा है. इसके बाद भूमि सत्यापन और अधिग्रहण की कार्रवाई में तेजी आने की उम्मीद है.
यूपी में 7.2 किलोमीटर का बनेगा फोरलेन
बलिया की सीमा से गंगा तक करीब 7.2 किलोमीटर लंबा फोरलेन बनाया जाएगा. इसके बाद यह मार्ग गंगा पर प्रस्तावित पुल के जरिए बिहार के भोजपुर जिले में प्रवेश करेगा. यूपी वाले हिस्से में मुरली छपरा क्षेत्र के कई गांवों की जमीन अधिग्रहण के दायरे में है.
बिहार के 20 गांवों की जमीन भी अधिग्रहण के दायरे में
परियोजना के बिहार हिस्से में भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. भोजपुर जिले में आरा सदर अंचल के 14 और बड़हरा अंचल के छह गांवों की करीब 96 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जानी है. प्रशासन की ओर से खेसरा, रकबा और राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ भूमि के भौतिक सत्यापन की तैयारी की जा रही है. इसके बाद गजट प्रकाशन, दावा-आपत्ति और मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
1564 करोड़ की है परियोजना
एनएचएआई ने बैरिया-आरा खंड के 27.062 किलोमीटर फोरलेन बाईपास के निर्माण के लिए करीब 1,564.19 करोड़ रुपये के अनुमानित मूल्य का टेंडर जारी किया है. प्रस्तावित मार्ग एनएच-31 क्षेत्र से निकलकर महुली गंगा घाट होते हुए बिहार में एनएच-922 से जुड़ेगा.
यह भी पढ़ें- बिजनौर में गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जमीन खरीद की तैयारी तेज, 109 गांवों के 8 हजार किसानों को मिलेगा मुआवजा
बलिया और भोजपुर के बीच बनेगा सीधा संपर्क
परियोजना पूरी होने के बाद बलिया और भोजपुर के बीच सड़क संपर्क और बेहतर होने की उम्मीद है. इससे दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी सीधा सड़क संपर्क मिल सकेगा. ग्रीनफील्ड फोरलेन बनने से मौजूदा मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है.


