Namo Bharat Trip Pass: नमो भारत ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) का इस्तेमाल करने वाले नियमित यात्रियों के लिए ट्रिप पास (Trip Pass) की सुविधा शुरू की है. इस सुविधा का सबसे ज्यादा फायदा नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और छात्रों को मिल सकता है, जिन्हें रोजाना एक ही रूट पर आना-जाना पड़ता है.
ट्रिप पास की मदद से यात्रियों को हर बार अलग से टिकट खरीदने या बार-बार एनसीएमसी कार्ड रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी. यात्री अपनी जरूरत के मुताबिक पहले से कई यात्राओं का पास खरीद सकेंगे और उसका इस्तेमाल निर्धारित रूट पर कर सकेंगे.
यह भी पढ़ें- UP Railway को मिलेगी नई रफ्तार, 14,926 करोड़ के प्रोजेक्ट में बनेंगे 6 नए स्टेशन
रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री करते हैं सफर
नमो भारत ट्रेन में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं. इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जो रोजाना एक ही स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करते हैं. ऐसे यात्रियों को ध्यान में रखते हुए ट्रिप पास की सुविधा शुरू की गई है.
NCRTC के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स के मुताबिक, ट्रिप पास उन यात्रियों के लिए है, जो नियमित रूप से एक तय स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करते हैं. एनसीएमसी कार्ड पर ट्रिप पास लोड होने के बाद निर्धारित स्टेशनों के बीच यात्रा करने पर पास से एक ट्रिप अपने आप कम हो जाएगी.
एक दिन में कई बार कर सकेंगे इस्तेमाल
ट्रिप पास की खास बात यह है कि यात्री इसका एक दिन में कई बार इस्तेमाल कर सकते हैं. उदाहरण के तौर पर, अगर कोई यात्री सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित यात्रा करता है, तो वह अपनी जरूरत के हिसाब से पहले से कई ट्रिप का पास खरीद सकता है.
हालांकि, यह पास सिर्फ उसी शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच मान्य होगा, जिसके लिए इसे खरीदा गया है. अगर यात्री किसी दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करता है तो उस यात्रा का सामान्य किराया उसके एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा.
ग्लोबल वॉलेट में 2,000 रुपये तक रिचार्ज
एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम 2,000 रुपये तक का रिचार्ज किया जा सकता है. ट्रिप पास की सुविधा शुरू होने से नियमित यात्रियों को बार-बार कार्ड रिचार्ज कराने की परेशानी से भी काफी हद तक राहत मिलेगी.
1 से 40 ट्रिप तक के पास उपलब्ध
नमो भारत यात्रियों के लिए स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों तरह के कोच में ट्रिप पास के विकल्प उपलब्ध हैं. यात्री अपनी जरूरत के अनुसार 1 से 40 ट्रिप तक का पास खरीद सकते हैं. ट्रिप पास एएफसी गेट के पास बने काउंटर से खरीदा जा सकता है.
हर यात्रा पर 10 फीसदी की छूट भी
नमो भारत में एनसीएमसी कार्ड से यात्रा करने वाले यात्रियों को हर यात्रा पर 10 फीसदी की छूट का लाभ मिलता है. इसके अलावा लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत खर्च किए गए हर एक रुपये पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है. एक लॉयल्टी पॉइंट की कीमत 10 पैसे है. यात्री 300 लॉयल्टी पॉइंट जमा होने पर उनका इस्तेमाल एक मुफ्त यात्रा के लिए कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- पूर्वांचल के रेल सफर में बड़ा बदलाव, गाजीपुर में शुरू हुई तीसरी लाइन की तैयारी
इस तरह रोजाना एक ही रूट पर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रिप पास सुविधा टिकट खरीदने और भुगतान की प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ समय की बचत भी कर सकती है.


