Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर के सबसे व्यस्त जाम प्वाइंट में शामिल हापुड़ चुंगी पर जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने यहां फ्लाईओवर बनाने के लिए एजेंसी का चयन कर लिया है. अब एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा और योजना के मुताबिक नवरात्रि में फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो सकता है. करीब 1.2 किलोमीटर लंबे चार लेन के फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 125 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. अधिकारियों का कहना है कि निर्माण शुरू होने के बाद इसे करीब एक साल में पूरा करने का लक्ष्य है.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम मेट्रो फेज-2 को मंजूरी, Sector-9 से Cyber City तक बनेगा 15.3 KM कॉरिडोर, जानें रूट और स्टेशन
एएलटी सेंटर से शास्त्रीनगर तक बनेगा फ्लाईओवर
प्रस्तावित फ्लाईओवर संजयनगर सेक्टर-23 स्थित एएलटी सेंटर से शुरू होकर हापुड़ चुंगी, कविनगर थाने के आगे से शास्त्रीनगर चौराहे तक बनाया जाएगा. इस मार्ग पर सुबह और शाम पीक आवर्स में वाहनों का भारी दबाव रहता है. दिल्ली-मेरठ रोड से एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों के लिए यह मार्ग काफी अहम है. इसी वजह से हापुड़ चुंगी पर अक्सर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है.
राजनगर एक्सटेंशन के लोगों को भी मिलेगा फायदा
इस मार्ग का इस्तेमाल गाजियाबाद के अलग-अलग हिस्सों के अलावा राजनगर एक्सटेंशन से आने-जाने वाले लोग भी करते हैं. यहां से वाहन एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ओर जाते हैं. फ्लाईओवर बनने के बाद एएलटी सेंटर से शास्त्रीनगर की तरफ जाने वाले वाहनों को चौराहों और व्यस्त जंक्शनों पर रुकने से राहत मिलने की उम्मीद है. इससे इस पूरे कॉरिडोर पर ट्रैफिक फ्लो बेहतर हो सकता है.
125 करोड़ रुपये होंगे खर्च
फ्लाईओवर की लंबाई करीब 1.2 किलोमीटर और चौड़ाई चार लेन की होगी. परियोजना की अनुमानित लागत 125 करोड़ रुपये है. इसका खर्च क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से किए जाने की योजना है. अधिकारियों के मुताबिक फ्लाईओवर निर्माण से पहले इस मार्ग का सर्वे कराया गया था. सर्वे के आधार पर इस हिस्से में फ्लाईओवर की जरूरत को प्राथमिकता दी गई.
कलेक्ट्रेट से सीबीआई एकेडमी तक भी था प्रस्ताव
हापुड़ चुंगी के जाम को कम करने के लिए कलेक्ट्रेट से हापुड़ चुंगी होते हुए सीबीआई एकेडमी तक फ्लाईओवर बनाने की चर्चा भी हुई थी. हालांकि, ट्रैफिक दबाव और जरूरत को देखते हुए फिलहाल एएलटी सेंटर से शास्त्रीनगर तक के मार्ग को प्राथमिकता दी गई है.
नवरात्रि में शुरू हो सकता है काम
जीडीए ने फ्लाईओवर निर्माण के लिए एजेंसी का चयन कर लिया है. अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह के भीतर वर्क ऑर्डर जारी किए जाने की योजना है. इसके बाद एजेंसी नवरात्रि के दौरान निर्माण कार्य शुरू कर सकती है. परियोजना को करीब एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए ने कहा कि हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार है. इसे बनाने वाली एजेंसी का चयन कर लिया गया है. नवरात्रि में इसका काम शुरू करने की योजना है. फ्लाईओवर के तैयार होने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में एक्सप्रेसवे किनारे बनेगा बड़ा औद्योगिक हब, बीसलपुर में 110 एकड़ जमीन चिह्नित, आएगा निवेश, बढ़ेंगे रोजगार


