Nitin Nabin Delhi Visit: छठ महापर्व से पहले दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों को बड़ी सौगात मिली है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मुनक नहर पर बने छठ घाट का उद्घाटन किया. इस दौरान नितिन नवीन ने दिल्ली सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि अब राजधानी में पूर्वांचल के लोगों को छठ पूजा मनाने में किसी तरह की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को छठ व्रतियों और पूर्वांचल के लोगों के लिए बड़ी सुविधा उपलब्ध कराने का श्रेय दिया. उन्होंने कहा कि यह सनातन परंपराओं में आस्था रखने वाले लोगों के लिए बड़ी सौगात है. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से मुख्यमंत्री के प्रयासों के लिए तालियां बजाने की अपील भी की.
11 किलोमीटर लंबी मुनक नहर के विकास की सराहना
नितिन नवीन ने मुनक नहर के करीब 11 किलोमीटर लंबे हिस्से में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे दिल्ली के वातावरण और व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने निर्धारित समय में काम पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार, मंत्रियों और अधिकारियों को बधाई दी.
उन्होंने नहर के पानी की स्वच्छता और गुणवत्ता की भी सराहना की. नितिन नवीन ने कहा कि नहर का साफ और पवित्र जल देखकर उन्हें छठ पूजा की याद आई. छठ महापर्व में पवित्रता और स्वच्छता का विशेष महत्व है.
छठ पूजा स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति की उपासना का पर्व
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि छठ केवल धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है. इस पर्व में श्रद्धालु डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में शुद्धता और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है.
उन्होंने कहा कि छठ पूजा में किसानों का योगदान भी दिखाई देता है. फल, सब्जियां और पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ इस पर्व का अभिन्न हिस्सा हैं. उन्होंने मिथिला की पारंपरिक पाग का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल टोपी नहीं, बल्कि भारतीय और मिथिला संस्कृति के सम्मान का प्रतीक है.
अब पूर्वांचल के लोगों को छठ मनाने से कोई नहीं रोक सकेगा
नितिन नवीन ने कहा कि छठ पूजा परिवारों और समाज को जोड़ने वाला पर्व है. इस दौरान ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव समाप्त हो जाते हैं. छठ व्रती के प्रति हर व्यक्ति के मन में विशेष सम्मान होता है.
उन्होंने कहा कि पहले उनके मन में बिहार जाने का विचार आया था, लेकिन अब दिल्ली में बीजेपी की सरकार है. ऐसे में पूर्वांचल के लोगों को छठ मनाने से कोई नहीं रोक सकेगा और न ही कोई इस पर आपत्ति कर सकेगा.
शीशमहल को लेकर पिछली सरकार पर साधा निशाना
नितिन नवीन ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले आम लोगों की सुविधाओं के बजाय शीशमहल बनाने को प्राथमिकता दी जाती थी. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की प्राथमिकता नहर, नदी और तालाब जैसी सार्वजनिक सुविधाओं का विकास करना नहीं था.
उन्होंने महिलाओं के लिए अलग बस सेवाओं, अटल कैंटीन में 5 रुपये में भोजन और दिल्ली की सड़कों को बेहतर बनाने की योजनाओं का भी उल्लेख किया. नवीन ने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास कार्यों में बेहतर तालमेल स्थापित हुआ है.
यमुना की सफाई और 2047 तक विकसित भारत का संकल्प
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों के तहत दिल्ली सरकार यमुना की सफाई के लिए काम कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरी यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाया जाएगा, ताकि आने वाले समय में छठ पूजा यमुना तट पर भी पूरी पवित्रता के साथ मनाई जा सके.
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी टीम को छठी मैया का आशीर्वाद मिलने की कामना करते हुए उन्होंने पूर्वांचल के लोगों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं.
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का दो दिवसीय कर्नाटक दौरा कल से, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी
यह भी पढ़ें- दुबई में शाहरुख खान ने ‘Tu Mil Jaaye’ पर किया जबरदस्त डांस, सिग्नेचर पोज देखकर झूम उठे फैंस


