Bihar new rail line: बिहार के वैशाली और समस्तीपुर जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है. भगवानपुर से महुआ और ताजपुर होते हुए समस्तीपुर तक नई रेल लाइन बिछाने की दिशा में रास्ता साफ हो गया है. रेलवे बोर्ड ने इस 49 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित रेल परियोजना के फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दे दी है. इसके लिए 1.47 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है.
इस रेल लाइन के निर्माण से वैशाली और समस्तीपुर जिले के लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है. खासकर महुआ और ताजपुर जैसे इलाकों की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और कृषि क्षेत्र को भी बढ़ावा मिल सकता है.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले थे मंत्री संजय सिंह
इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री और महुआ विधायक संजय सिंह ने हाल ही में नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने भगवानपुर से समस्तीपुर तक नई रेल लाइन की जरूरत और इसके महत्व को सामने रखा था.
मंत्री संजय सिंह ने महुआ और आसपास के क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी के साथ व्यापारिक गतिविधियों को आसान बनाने के लिए सर्वे का काम जल्द शुरू कराने की मांग की थी.
रेलवे बोर्ड की मंजूरी को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के युवा प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा ने गुरुवार को पत्रकारों को इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड से सर्वे को मंजूरी मिलना सिर्फ महुआ विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि वैशाली और समस्तीपुर जिलों के विकास के लिए भी बड़ी उपलब्धि है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई रेल लाइन बनने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और कृषि उत्पादों की आवाजाही तथा स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी.
पीएम मोदी और रेल मंत्री का जताया आभार
इस फैसले पर मंत्री संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि महुआ की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना और क्षेत्र का चौतरफा विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से करनाल तक नमो भारत कॉरिडोर को NHAI की सैद्धांतिक मंजूरी, 22 स्टेशन बनेंगे, सोनीपत-पानीपत का सफर होगा आसान
यह भी पढ़ें- IFFI 2026 में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का जलवा, BRICS सेक्शन की ओपनिंग फिल्म बनेगी, ‘धुरंधर’ को भी मिली जगह


