नई दिल्ली: दिल्ली और एनसीआर के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. अब दिल्ली के आनंद विहार से उत्तर प्रदेश के हापुड़ तक इलेक्ट्रिक बस से सफर किया जा सकेगा. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसी के साथ आनंद विहार ISBT से हापुड़ के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसों की अंतरराज्यीय सेवा भी शुरू कर दी गई है. इस रूट पर दोनों दिशाओं में हर 20 मिनट में बस उपलब्ध होगी और किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को केवल शहर की सीमाओं तक सीमित रखकर नहीं देखा जा सकता. दिल्ली के साथ एनसीआर और पड़ोसी राज्यों के शहरों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों के लिए यहां आते हैं. सरकार का प्रयास है कि इन यात्रियों को सुविधाजनक, भरोसेमंद और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जाए.
आनंद विहार से हापुड़ तक कहां-कहां रुकेंगी बसें?
दिल्ली और हापुड़ के बीच शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा से गाजियाबाद और पिलखुवा के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा. इस रूट पर बसें कई प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेंगी.
बस के प्रमुख स्टॉपेज
- गढ़ोली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर
- डाबर
- मोहन नगर
- न्यू और ओल्ड गाजियाबाद बस स्टैंड
- हापुड़ चुंगी
- IMS कॉलेज (डासना)
- मसूरी
- छिजारसी
- कुलेच नगर
- पिलखुवा
- निजामपुर
- हापुड़ बस स्टेशन
दोनों दिशाओं में निर्धारित समय के दौरान हर 20 मिनट के अंतराल पर बसें चलेंगी. इस सेवा का किराया 124 रुपये रखा गया है. इससे रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली के बेड़े में शामिल हुईं 100 नई इलेक्ट्रिक बसें
शुक्रवार को शुरू की गईं 100 नई बसों में 50 बसें 9 मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबाई की हैं. ये सभी बसें लो-फ्लोर, वातानुकूलित और शून्य उत्सर्जन वाली हैं. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनमें CCTV कैमरे, पैनिक बटन, रियल टाइम ट्रैकिंग और दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं दी गई हैं.
इन बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली के कुल बस बेड़े की संख्या बढ़कर करीब 7,088 हो गई है. इनमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं. दिल्ली देश में सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा रखने वाले शहर के रूप में अपनी स्थिति बनाए हुए है.
2028-29 तक 14 हजार बसों का लक्ष्य
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर काम किया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य 2028-29 तक दिल्ली के बस बेड़े को बढ़ाकर करीब 14,000 तक पहुंचाना है.
उन्होंने बताया कि दिल्ली-हापुड़ के अलावा पानीपत और करनाल के लिए भी अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की गई हैं. आने वाले समय में पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर दिया जाएगा.
निजी वाहनों से मिलेगी राहत, प्रदूषण पर भी लगेगी लगाम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ बसों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन को आम लोगों की पहली पसंद बनाना है. अधिक बसें उपलब्ध होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी. इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटाने और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी.
सरकार का मानना है कि दिल्ली और आसपास के शहरों के बीच बेहतर बस कनेक्टिविटी से रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लाखों यात्रियों को फायदा होगा. इससे उनका समय और यात्रा खर्च बचेगा और सफर पहले के मुकाबले अधिक आरामदायक हो सकेगा.
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘Vajr’ में विलेन बनेंगे मोहित मलिक, पहली बार पर्दे पर होगा दोनों का आमना-सामना
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान, 4,600 करोड़ से बन रहा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे 90% तैयार,2027 में शुरू होने की उम्मीद


