Bareilly News: बरेली शहर में जाम की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है. शहर के बाहर से वाहनों की आवाजाही आसान बनाने के लिए बन रही रिंग रोड परियोजना को अब रेलवे की मंजूरी भी मिल गई है. रिंग रोड पर चार रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाए जाएंगे. इसके लिए रेलवे ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी कर दिया है. परियोजना का 21 फीसदी काम पूरा हो चुका है और जून 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
1,122 करोड़ रुपये से बन रही 29.29 KM लंबी रिंग रोड
बरेली में झुमका तिराहा से रजऊ परसपुर तक 29.29 किलोमीटर लंबी सिक्सलेन रिंग रोड का निर्माण कराया जा रहा है. इस परियोजना पर करीब 1,122 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे.
NHAI ने बरेली-मुरादाबाद, बरेली-लखनऊ, बरेली-चंदौसी और बरेली-बदायूं रेल लाइनों पर चार ROB बनाने के लिए रेलवे से अनुमति मांगी थी. इनमें तीन ओवरब्रिज उत्तर रेलवे और एक पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत आता है.
रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माण की मंजूरी के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं और निरीक्षण के चलते NOC मिलने में देरी हुई. रेलवे की इंजीनियरिंग टीमों के निरीक्षण और अधिकारियों की बैठक के बाद पिछले सप्ताह चारों ROB के लिए मंजूरी दे दी गई.
शहर के बाहर से निकल जाएंगे वाहन, जाम से मिलेगी राहत
रिंग रोड तैयार होने के बाद बरेली से जुड़ने वाले सभी प्रमुख हाईवे इससे कनेक्ट हो जाएंगे. इससे दूसरे शहरों की ओर जाने वाले वाहनों को बरेली के भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी. भारी और लंबी दूरी के वाहन शहर के बाहर से ही निकल सकेंगे.
इसके अलावा रजऊ के पास तीन दिशाओं वाला ट्रम्पेट इंटरचेंज भी बनाया जाएगा. वहीं, रामगंगा-रजऊ के बीच नकटिया नदी पर पुल का निर्माण शुरू हो चुका है.
NHAI बरेली डिवीजन के परियोजना निदेशक अभय भूषण के मुताबिक, चारों रेलवे क्रॉसिंग पर ROB निर्माण के लिए रेलवे की NOC मिल गई है. मानसून और त्योहारों के सीजन में काम की रफ्तार कुछ धीमी हुई थी, लेकिन अब सभी स्थानों पर तेजी से काम कराया जा रहा है.
पीलीभीत रोड सिक्सलेन का भी रास्ता साफ, टेंडर का इंतजार
दूसरी ओर, बरेली की पीलीभीत रोड को सिक्सलेन करने की परियोजना भी आगे बढ़ी है. बैरियर टू से सेटेलाइट तक 7.4 किलोमीटर सड़क चौड़ी करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) से NOC मिल चुकी है. हालांकि, अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. इस वजह से निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार बढ़ रहा है.
इस परियोजना को दो पैकेज में पूरा किया जाएगा.
- पहला पैकेज: बैरियर टू से सुरेश शर्मा नगर चौराहे तक 3.50 किलोमीटर सड़क को सिक्सलेन किया जाएगा. इस पर 30.42 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
- दूसरा पैकेज: सुरेश शर्मा नगर चौराहे से सेटेलाइट तक 3.92 किलोमीटर सड़क चौड़ी होगी. इसके लिए 32.41 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं.
दोनों पैकेज पर कुल 62.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
रोजाना जाम और धूल से परेशान लोगों को राहत का इंतजार
पीलीभीत रोड पर दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है. सड़क संकरी होने और लगातार आवाजाही के कारण कई बार लंबा जाम लग जाता है. इसके अलावा उड़ती धूल से राहगीरों, स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को भी परेशानी होती है.
इस परियोजना का डीपीआर पहले PWD ने तैयार किया था. शुरुआत में इसे आठ लेन बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में संशोधन करके सिक्सलेन करने का फैसला लिया गया.
बीडीए के अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया चल रही है. इसे जल्द पूरा कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें- बरेली में 300 हेक्टेयर जमीन पर बसेगी नई टाउनशिप, शाहजहांपुर रोड पर मिलेंगे घर, पार्क और बाजार, 4 गुना मुआवजे की तैयारी
यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट के पास बसेगी ‘एयरोसिटी’, 330 किसानों से खरीदी जाएगी 100 हेक्टेयर जमीन, प्लॉट के साथ मिलेंगे फ्लैट


