Ambedkar Nagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में एक IPS अधिकारी की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला उलझ गया है. शुरुआती तौर पर मौत को हार्ट अटैक बताया गया था, लेकिन बाद में मृतका के शरीर से सोने-चांदी के गहने गायब मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हार्ट अटैक से मौत की मिली थी सूचना
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के मुताबिक, 16 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:13 बजे रमेश चंद्र मिश्रा ने मालीपुर थाना पुलिस को सूचना दी थी कि रुधा धमरुआ गांव निवासी IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की सुबह करीब 8 बजे हार्ट अटैक से मौत हो गई है. हालांकि, दोपहर करीब 2:30 बजे परिजनों ने देखा कि मृतका के शरीर पर मौजूद सोने-चांदी के गहने गायब थे. इसके बाद आशुतोष मिश्रा ने पुलिस को सूचना देकर गहनों की चोरी के साथ हत्या की आशंका जताई.
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआती जांच में मृतका के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई बाहरी निशान नहीं मिले हैं. इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
तीन सदस्यीय टीम ने किया पोस्टमार्टम
मृतका के शव का तीन डॉक्टरों की टीम ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया. मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है. इसके अलावा मृतका के दिल को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत वास्तव में कार्डियक अरेस्ट से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था.
यूपी के कानपुर में 16 रुपए का ऑफर पड़ा भारी, हजारों की भीड़ के बाद मची भगदड़, दो भाई गिरफ्तार
रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा मौत का कारण
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम, विसरा और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. फिलहाल मालीपुर पुलिस गहने गायब होने और संदिग्ध मौत के हर पहलू की जांच कर रही है.


