Ayodhya News: अयोध्या स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन स्थित सभागार (भूतल) में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विषयों के विषय संयोजकों एवं संबद्ध महाविद्यालयों के वरिष्ठ शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में पाठ्यक्रम व्यवस्था के सुचारू संचालन, परीक्षा प्रणाली में सुधार, बोर्ड ऑफ स्टडीज की नियमित बैठकों के आयोजन तथा प्रश्न पत्रों के प्रारूप में समयानुकूल बदलावों पर गहन विमर्श किया गया.
कुलपति ने क्या कहा?
कुलपति ने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक परिदृश्य को देखते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार अनिवार्य हो गया है. विश्वविद्यालय के प्रश्न पत्रों का पैटर्न प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी नियमित पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी खुद को तैयार कर सकें. तीन सेक्शन में विभाजित होगा प्रश्न पत्र कुलपति ने निर्देश दिए कि आगामी परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्रों को तीन सेक्शन ए बी एवं सी’ में विभाजित किया जाए. उन्होंने सभी संयोजकों व वरिष्ठ शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे इस प्रारूप के अनुसार प्रश्न पत्र का ढांचा तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करें.
स्टैंडर्ड क्वेश्चन बैंक’ तैयार किया जाएगा
वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्नों पर जोर देते हुए कुलपति ने कहा कि प्रत्येक पेपर के लिए बड़े स्तर पर स्तरीय प्रश्नों का एक ‘स्टैंडर्ड क्वेश्चन बैंक’ तैयार किया जाए. यह प्रश्न बैंक यूजीसी, नेट, जेआरएफ की तर्ज पर उच्च गुणवत्ता का होना चाहिए. इससे छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में काफी सहायता मिलेगी. कुलपति ने घोषणा कि मानक के अनुरूप उत्कृष्ट क्वेश्चन बैंक तैयार करने वाले संबंधित शिक्षकों एवं विषय संयोजक को विश्वविद्यालय स्तर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा.
कौन-कौन मौजूद रहा?
बैठक में विश्वविद्यालय परिसर सहित संबद्ध महाविद्यालयों के प्रत्येक विषय से 02-03 वरिष्ठ शिक्षकों, विषय संयोजकों एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए अपने सुझाव साझा किए. इस अवसर पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह, विज्ञान संकाय अध्यक्ष प्रो. एस एस मिश्र, प्रो. फर्रुख जमाल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. सुचिता पांडेय, प्रो. संग्राम सिंह, प्रो. आशीष प्रताप सिंह सहित संबद्ध महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक एवं संयोजक उपस्थित रहे.


