फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में मोहना रोड पर बन रहे एलिवेटेड पुल को लेकर नया अपडेट सामने आया है. निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं और अधिकारियों ने इसे मार्च 2027 से पहले जनता के लिए खोलने का लक्ष्य रखा है. पुल शुरू होने से मोहना रोड पर ट्रैफिक दबाव कम होने और लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है.
बल्लभगढ़ विधायक और हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रोजेक्ट की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के चारों ओर बनेगा औद्योगिक-लॉजिस्टिक्स रिंग, NCR के शहरों में आएगी विकास की नई रफ्तार
पुल पर 3 जगह बनेंगी सीढ़ियां
एलिवेटेड पुल पर पैदल यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है. पुल पर तीन स्थानों पर सीढ़ियां बनाई जाएंगी. इनमें एक गुप्ता होटल, दूसरी पंजाबी धर्मशाला और तीसरी दशहरा मैदान के पास होगी. इसके अलावा पुल के ऊपर यात्रियों के खड़े होने के लिए लोहे के प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे. इन प्लेटफॉर्म पर एक समय में करीब 50 से 60 लोग खड़े हो सकेंगे. इससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
साथ में बिछ रही सीवर और पानी की बड़ी लाइन
एलिवेटेड पुल के निर्माण के साथ मोहना रोड पर बड़ी सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम भी चल रहा है. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मुताबिक, दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्र में सीवर जाम और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं में राहत मिल सकती है. वहीं, मोहना रोड और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या रोकने के लिए सभी नालियों को मुख्य नाले से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं.
सेंट्रल वर्ज में विकसित होगी हरियाली
एलिवेटेड पुल के नीचे सेंट्रल वर्ज में पेड़-पौधे लगाकर हरियाली विकसित करने की योजना है. विधायक ने अनावश्यक लोहे की ग्रिल लगाने के बजाय सेंट्रल वर्ज में हरियाली विकसित करने पर जोर दिया है.
15 साल से सेंट्रल वर्ज की समस्या
बल्लभगढ़ में सिविल रेस्ट हाउस के सामने मुख्य सड़क पर सेंट्रल वर्ज नहीं होने की समस्या भी सामने आई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 15 साल से सड़क के बीच सेंट्रल वर्ज के लिए छोड़ी गई जगह खाली पड़ी है, जहां गड्ढे बने हुए हैं. लोगों का कहना है कि इन गड्ढों की वजह से खासकर दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है. रात में स्थिति और मुश्किल हो जाती है. सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण के कारण भी मार्ग संकरा हो गया है. स्थानीय लोगों ने गड्ढे भरने, सेंट्रल वर्ज बनाने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है. पार्षद महेश गोयल ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- भारत का UPI बनेगा ग्लोबल पेमेंट पावरहाउस, शुल्क मॉडल पर बढ़ी चर्चा


