Bihar Police Didi Yojana: बिहार सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को लेकर बुधवार को बड़ा कदम उठाया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिलाओं के लिए तीन प्रमुख योजनाओं की शुरुआत की. इनमें सबसे खास ‘पुलिस दीदी’ अभियान है, जिसके तहत स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत से लेकर प्रशासन तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी बिहार में बदलते सामाजिक परिदृश्य की तस्वीर पेश कर रही है. सरकार का लक्ष्य महिलाओं की सुरक्षा के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है.
सुलतानपुर में बनेगा 272 करोड़ का औद्योगिक क्लस्टर, हजारों रोजगार के खुलेंगे रास्ते
‘पुलिस दीदी’ अभियान से बढ़ेगी छात्राओं की सुरक्षा
‘पुलिस दीदी’ पहल के तहत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ा जाएगा. इससे छात्राओं को सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को सीधे महिला पुलिसकर्मियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. महिला पुलिसकर्मियों की फील्ड ड्यूटी को आसान बनाने के लिए करीब 2,700 स्कूटी और 2,000 से अधिक मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार पुलिस बल में फिलहाल करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी सेवाएं दे रही हैं.
Dial 112 का रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट से कम
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में Dial 112 की आपातकालीन सेवा का रिस्पॉन्स टाइम अब 10 मिनट से कम हो गया है. सरकार का लक्ष्य इसे आगे घटाकर 5 से 7 मिनट तक करने का है. इससे महिलाओं समेत आम लोगों को आपात स्थिति में पुलिस सहायता और तेजी से उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है.
1.81 करोड़ महिलाएं JEEViKA से जुड़ीं
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में करीब 1.81 करोड़ महिलाएं JEEViKA पहल से जुड़ी हैं. इनमें 70 लाख से अधिक ‘JEEViKA दीदियां’ सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. मुख्यमंत्री के अनुसार, 43 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं. अब अगले दो वर्षों में एक लाख और महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि जब महिला आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होती है तो उसका पूरा परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होता है.
‘विकसित बिहार’ में महिलाओं की होगी बड़ी भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता नए और समृद्ध बिहार की पहचान बनेगी. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस संकल्प को और मजबूत करेगी.
बुढ़ापे में मां-बाप से मुंह मोड़ा तो भारी पड़ेगा, योगी सरकार ने संतानों पर कसा शिकंजा
छात्रों के लिए भी ‘Student Support Camp’
इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘Student Support Camp’ शुरू करने की घोषणा की थी. इसके तहत हर महीने के चौथे मंगलवार को शैक्षणिक संस्थानों में कैंप लगाए जाएंगे. इन कैंपों में छात्र सीधे सरकार और संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे. इसके अलावा छात्र ‘Student Support Portal’ और हेल्पलाइन 1100 के जरिए ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे और अपनी शिकायत की स्थिति को ट्रैक कर सकेंगे. सरकार का लक्ष्य है कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें सीधे संवाद का मंच मिले और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो.


