फरीदाबाद: दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर मीठापुर से महारानी बाग तक करीब 9 किलोमीटर लंबा दोनों तरफ का मार्ग खोल दिया गया है. इसके शुरू होने से फरीदाबाद से दिल्ली की कनेक्टिविटी पहले के मुकाबले काफी बेहतर होने की उम्मीद है. केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इसे फरीदाबाद के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शहर को एक नई लाइफलाइन दी है. उनके मुताबिक, नए मार्ग के शुरू होने से फरीदाबाद से दिल्ली पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम होगा.
घर बैठे फ्री में पाएं GST नंबर: सरकारी दफ्तरों के चक्कर भूल जाइए, ये रहा सबसे आसान तरीका!
40-50 मिनट का सफर अब 10-15 मिनट में
अब तक फरीदाबाद और मीठापुर से रिंग रोड, आश्रम या महारानी बाग की ओर जाने वाले लोगों को बदरपुर बॉर्डर, मथुरा रोड और आश्रम चौराहे पर भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ता था. करीब 9 किलोमीटर की दूरी तय करने में अक्सर 40 से 50 मिनट तक लग जाते थे. नया 6-लेन एलिवेटेड रूट शुरू होने के बाद यही सफर करीब 10 से 15 मिनट में पूरा होने का दावा किया जा रहा है. इससे रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
जेवर एयरपोर्ट तक भी आसान होगी पहुंच
फरीदाबाद को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने की दिशा में भी काम चल रहा है. केंद्रीय राज्यमंत्री के मुताबिक, परियोजना पूरी होने के बाद फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर करीब 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इससे फरीदाबाद के साथ-साथ दिल्ली और नोएडा के यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बेहतर होने से क्षेत्र में कारोबार और रियल एस्टेट गतिविधियों को भी गति मिल सकती है.
मझावली-ग्रेटर नोएडा सेक्शन भी जल्द
कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के मझावली से ग्रेटर नोएडा तक के हिस्से को भी जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है. इसके चालू होने से फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.
300 करोड़ रुपये से बनेगा रेलवे स्टेशन
फरीदाबाद में कनेक्टिविटी सुधारने के साथ रेलवे के क्षेत्र में भी कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है. गुर्जर के मुताबिक, शहर में रेलवे फाटकों को खत्म किया गया है और करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का रेलवे स्टेशन तैयार किया जा रहा है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद फरीदाबाद की दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है. ऐसे में मीठापुर-महारानी बाग एक्सप्रेसवे को दिल्ली-NCR के ट्रैफिक के लिए एक अहम वैकल्पिक मार्ग माना जा रहा है.


