लखनऊ, 11 अगस्त 2026. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में 70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का लोकार्पण किया. यह मार्ग एनएच-24 सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग से निकलकर ग्रीन सिटी कॉलोनी, पटहनिया होते हुए माधोपुर बंधे तक जाता है. करीब 2 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के दो-लेन चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
लोकार्पण के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग गोरखपुर शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. लंबे समय से इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को संकरे रास्तों के कारण आवागमन में परेशानी होती थी. बड़े वाहनों को भी यहां से गुजरने में दिक्कत आती थी.
दिल्ली की नई लाइफलाइन! UER-II से 30 मिनट में एयरपोर्ट, जाम से मिलेगी मुक्ति
70 करोड़ रुपये की लागत से हुआ सड़क का चौड़ीकरण
मुख्यमंत्री ने 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए एनएच-24 सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग से ग्रीन सिटी कॉलोनी, पटहनिया होते हुए माधोपुर बंधे तक करीब 2 किलोमीटर लंबे मार्ग के दो-लेन चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग के तैयार होने से क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन आसान और सुगम होगा. उन्होंने कहा कि गोरखपुर शहर में विकास से जुड़े कई काम हो रहे हैं और इन कार्यों से शहर को नई पहचान मिल रही है.
पहले संकरे रास्तों से होती थी परेशानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले इस क्षेत्र के रास्ते काफी संकरे थे और कई जगह जलभराव की समस्या भी रहती थी. संकरे मार्ग के कारण ट्रक, ट्रॉली और बस जैसे बड़े वाहन इस क्षेत्र से आसानी से नहीं गुजर पाते थे.
अब सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है और फ्लाईओवर समेत कई परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है.
शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गोरखपुर शहर का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है. इस रास्ते पर सरस्वती शिशु मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित कई शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थान मौजूद हैं.
इसके अलावा इस क्षेत्र में महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक और नगर निगम का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे संस्थान भी स्थित हैं. ऐसे में सड़क के बेहतर होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के आवागमन को सुविधा मिलेगी.
कई प्रमुख मार्गों से जुड़ेगा इलाका
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह मार्ग सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग को डोमिनगढ़-माधोपुर बंधा से होते हुए बसियाडीह मंदिर और हाबर्ट बंधा से जोड़ रहा है. यह मार्ग वर्तमान में चार-लेन में निर्माणाधीन हिस्से के जरिए गोरखपुर-लखनऊ मार्ग से भी जुड़ रहा है.
डोमिनगढ़ में एक फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा. इससे वाराणसी, लखनऊ, सोनौली, नेपाल, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर की ओर जाने वाले लोगों को गोरखपुर शहर के भीतर से होकर जाने की जरूरत कम होगी.
लखनऊ और सोनौली जाने वालों को मिलेगा वैकल्पिक रास्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले लोग अपने गंतव्य तक अधिक सुविधाजनक तरीके से पहुंच सकेंगे. लखनऊ की ओर जाने वालों को गोलघर, ट्रांसपोर्ट नगर और नौसढ़ होते हुए जाने की जरूरत नहीं होगी. वे राप्ती बंधा पकड़कर सीधे डोमिनगढ़ से चार-लेन बाईपास की ओर जा सकेंगे.
वहां से सहजनवा और कौलेसर के पास से सीधे लखनऊ की ओर जाने की सुविधा मिलेगी.
इसी तरह सोनौली की ओर जाने वाले लोग भी राप्ती बंधा से सीधे महेसरा होते हुए सोनौली मार्ग पकड़ सकेंगे. इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
गोरखपुर में बदल रही सड़क कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर शहर में आज विकास के कई काम दिखाई दे रहे हैं. शहर के कई मार्गों को चार-लेन सड़कों से जोड़ा जा चुका है और अलग-अलग स्थानों पर फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों का उद्देश्य लोगों का जीवन आसान बनाना है. बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन सुविधाजनक होने के साथ आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच भी बेहतर होगी.
धनबाद से कोयंबटूर नई अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी, जानें रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज
मुख्यमंत्री ने दी सावन शिवरात्रि की बधाई
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की बधाई दी. उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि सभी लोगों के जीवन में सुख और समृद्धि आए.
कार्यक्रम में मत्स्य मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ल, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, श्रीराम चौहान, इंजीनियर श्रवण कुमार निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.


