Gorakhpur international cricket stadiums: पूर्वांचल के खेल प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath 16 मई को गोरखपुर में प्रदेश के चौथे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री का यह ड्रीम प्रोजेक्ट न सिर्फ गोरखपुर बल्कि पूरे पूर्वांचल की पहचान को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है. इस भव्य स्टेडियम के बनने से क्षेत्र को विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी और युवा खिलाड़ियों को अपने ही शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और मैच देखने का अवसर मिलेगा.
बिना AC घर को ठंडा रखती है Kerala की 300 साल पुरानी Kaavi Flooring, अब फिर बढ़ रही चर्चा
लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया बड़ी जिम्मेदारी
करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर स्थित ताल नदोर में तैयार किया जाएगा. लगभग 46 एकड़ में फैले इस विशाल प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है और इसे 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का मानना है कि यह परियोजना सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे इलाके के विकास की नई कहानी लिखेगी.
30 हजार दर्शकों की क्षमता
30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम को पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा. ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ डिजाइन पर बनने वाले इस स्टेडियम में सात मुख्य पिच और चार प्रैक्टिस पिच तैयार होंगी. पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में हजारों दर्शकों के बैठने की आधुनिक व्यवस्था होगी, जबकि मीडिया और वीआईपी मेहमानों के लिए अलग विशेष पैवेलियन बनाए जाएंगे.
दिन और रात दोनों समय मैच आयोजित करने के लिए मैदान में हाई मास्ट फ्लडलाइट्स लगाई जाएंगी. यही नहीं, यह स्टेडियम केवल क्रिकेट मैचों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा. आधुनिक सुविधाओं और शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण यह स्टेडियम भविष्य में पूर्वांचल का नया स्पोर्ट्स हब बन सकता है.
स्टेडियम की कनेक्टिविटी भी इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है. यह स्थल गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है. फोरलेन हाईवे से सीधा जुड़ाव होने के कारण यहां खिलाड़ियों, दर्शकों और पर्यटकों की आवाजाही बेहद आसान होगी. इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित कराने में भी बड़ी सहूलियत मिलेगी.
पावर प्लांट के नाम पर बड़ा जमीन घोटाला? ₹1500 करोड़ लोन का खेल
डीएम ने क्या बताया?
जिलाधिकारी दीपक मीना के अनुसार स्टेडियम परियोजना के साथ आसपास के क्षेत्र में तेजी से बहुआयामी विकास भी होगा. यहां पहले से कॉलेज, पशु चिकित्सा सुविधाएं और बड़ी कान्हा गौशाला जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है. राज्य सरकार निर्माण कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है और जमीन समतलीकरण का काम भी शुरू हो चुका है. गोरखपुर में बनने वाला यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम आने वाले समय में न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देगा, बल्कि पूर्वांचल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान भी दिलाएगा.


