Greater Agra Project: मोहब्बत की मिसाल ताजमहल से दुनिया भर में पहचान रखने वाला आगरा अब एक नए युग में कदम रखने जा रहा है. आने वाले समय में यह शहर सिर्फ इतिहास नहीं, बल्कि भविष्य की भी पहचान बनेगा. योगी सरकार ने ‘ग्रेटर आगरा’ का जो फ्यूचरिस्टिक प्लान तैयार किया है, वह शहर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाला है. यह सिर्फ विस्तार नहीं, बल्कि आधुनिकता और भारतीय संस्कृति का अनोखा संगम है, जहां हर कदम पर परंपरा की खुशबू और टेक्नोलॉजी की चमक साथ चलेगी.
कितना होगा खर्च?
करीब 450 हेक्टेयर में फैलने वाला यह मेगा प्रोजेक्ट 5142 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है. इसमें लगभग 1.5 लाख लोगों के रहने की व्यवस्था होगी, साथ ही 4712 प्लॉट्स में घर, बिजनेस और मिक्स्ड यूज़ डेवलपमेंट की सुविधा मिलेगी. यानी एक ऐसा शहर, जहां घर के पास ही स्कूल, अस्पताल, होटल और हर जरूरी सुविधा मौजूद होगी.
UPSC टॉपर शक्ति दुबे की फील्ड में एंट्री! सीएम योगी आदित्यनाथ ने सौंपी मुरादाबाद की जिम्मेदारी
सिंधु से कावेरी तक बसेंगी 10 टाउनशिप
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसकी सांस्कृतिक झलक है. यहां बनने वाली 10 टाउनशिप के नाम देश की पवित्र नदियों पर रखे गए हैं, सिंधुपुरम, गोमतीपुरम, गंगापुरम, यमुनापुरम, बेतवापुरम, महानदीपुरम, नर्मदापुरम, गोदावरीपुरम, कृष्णापुरम और कावेरीपुरम. यह नाम सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का एहसास भी देंगे.
कहां पर बनेगा?
लोकेशन के मामले में भी ‘ग्रेटर आगरा’ किसी से कम नहीं. 100 मीटर चौड़ी इनर रिंग रोड के पास बसा यह इलाका सीधे नेशनल हाईवे-19 और यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ा होगा. साथ ही यमुना नदी के नजदीक होने से यहां का माहौल और भी खास बनेगा. बेहतरीन कनेक्टिविटी इसे निवेश के लिए हॉटस्पॉट बना रही है. प्रदूषण से जूझती दुनिया में ‘ग्रेटर आगरा’ एक ग्रीन सिटी के रूप में भी उभरेगा. हर टाउनशिप का 15% हिस्सा हरियाली के लिए सुरक्षित रहेगा, साथ ही आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट, वाटर मैनेजमेंट और सॉलिड वेस्ट सिस्टम भी यहां की पहचान होंगे.
कमर्शियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा
यमुनापुरम को जहां एक बड़े कमर्शियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा, वहीं कावेरीपुरम में वॉटर एक्टिविटीज और एंटरटेनमेंट का खास इंतजाम होगा, जो पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा. यह प्रोजेक्ट सिर्फ घर नहीं देगा, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी लेकर आएगा.
इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्री के बढ़ते कदम आगरा को उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का नया इंजन बना सकते हैं. कुल मिलाकर, ‘ग्रेटर आगरा’ एक ऐसा सपना है जो अब हकीकत बनने की राह पर है, जहां ताज की विरासत के साथ भविष्य की उड़ान भी होगी.


