India Bangladesh Border Agreement: वैध प्रवासियों और घुसपैठ को लेकर पिछले कुछ समय से भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे कूटनीतिक तनाव के बीच एक बड़ी और सकारात्मक खबर आई है. नई दिल्ली में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के शीर्ष अधिकारियों के बीच चार दिनों तक चली हाई-लेवल बैठक शुक्रवार को संपन्न हो गई. इस बैठक के बाद दोनों देशों ने सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने, अवैध क्रॉसिंग रोकने और खुफिया तालमेल (Intelligence Sharing) को मजबूत करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण समझौता किया है.
दोनों पक्षों ने इस पूरी बातचीत को बेहद सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक और भविष्योन्मुखी (Forward-Looking) बताया है.
रूस-यूक्रेन सीमा पर फिर भड़की जंग, 3 की मौत; 5 साल का बच्चा समेत कई घायल
कोऑर्डिनेटेड पेट्रोलिंग और रीयल-टाइम डेटा पर सहमति
संयुक्त बयान के मुताबिक, दोनों देशों की सेनाएं अब सीमा पर ‘अवैध, अनजाने में और जबरन होने वाली क्रॉसिंग’ को रोकने के लिए समन्वित गश्त (Coordinated Patrols) को काफी ज्यादा बढ़ाएंगी. इसके अलावा, सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी देने के लिए रीयल-टाइम खुफिया तंत्र काम करेगा.
4,000 किलोमीटर का सुरक्षा चक्र
भारत और बांग्लादेश के बीच 4,000 किलोमीटर (2,500 मील) से ज्यादा लंबी सीमा है, जो दुनिया की सबसे बड़ी सीमाओं में से एक है. पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और असम जैसे राज्यों में अवैध घुसपैठ को रोकना भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. भारत ने मई में ढाका प्रशासन से 2,860 से अधिक ऐसे लोगों की नागरिकता की पुष्टि करने को कहा है, जिनके पास दस्तावेज नहीं हैं और जिनके बांग्लादेशी होने का संदेह है.
ड्रोन निगरानी और मानव तस्करी पर प्रहार
सीमा पर तनाव को कम करने और सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए बांग्लादेश (BGB) ने भी अपनी तरफ से हाल के हफ्तों में कई कड़े कदम उठाए हैं. BGB के मुताबिक, सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ-साथ अब ड्रोन सर्विलांस (निगरानी) और इंटेलिजेंस ऑपरेशन्स को बढ़ा दिया गया है. इसके साथ ही, जारी साझा बयान में साफ किया गया है कि दोनों देश मिलकर निम्नलिखित मुद्दों पर एक साथ कड़ा रुख अपनाएंगे
- मानव तस्करी (Human Trafficking): सीमा पार महिलाओं और बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोहों को नेस्तनाबूद करना.
सीमा पर मौतें: बॉर्डर पर होने वाली हिंसक झड़पों और मौतों को शून्य पर लाना. - तस्करी (Smuggling): ड्रग्स, जाली नोट और हथियारों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाना.
- कोऑर्डिनेटेड बॉर्डर मैनेजमेंट प्लान (CBMP): सीमाई बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सुरक्षा तंत्र को आधुनिक बनाना.
रिश्तों को सुधारने की कवायद
साल 2024 में बांग्लादेश में हुए तख्तापलट और शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद से दोनों देशों के संबंधों में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया है. हाल ही में बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम ने बिना उचित कानूनी प्रक्रिया के प्रवासियों को वापस भेजने के प्रयासों पर चिंता जताई थी और कहा था कि इससे द्विपक्षीय संबंधों को नुकसान पहुंच सकता है.
लखनऊ मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर को मिली बड़ी रफ्तार, वसंतकुंज डिपो के लिए जारी हुआ ₹127 करोड़ का ठेका
इस बैठक और संयुक्त बयान के बाद यह साफ है कि दोनों देश बातचीत के जरिए सीमा पर अमन-चैन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं. भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की अगली अहम बैठक अब नवंबर में ढाका में होगी.


