Lucknow Double Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश गोमतीनगर इलाके में गुरुवार को डबल मर्डर और सुसाइड की सनसनीखेज घटना सामने आई. एसबीआई में कार्यरत मानस बाजपेयी ने पहले बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मार दी. इसके बाद हुसड़िया स्थित घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी और फिर खुद की कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है. हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है.
Yuva Sangam Phase 7: रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
बैंक के बाहर पत्नी को बुलाया, फिर बरसाईं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, दिव्या मिश्रा गोमतीनगर के मिठाई वाले चौराहे के पास स्थित ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं. दोपहर करीब 12 बजे मानस ने उन्हें फोन कर बैंक के बाहर बुलाया. दिव्या के बाहर आते ही मानस ने कथित तौर पर उन पर गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि मानस और दिव्या की शादी करीब सात साल पहले हुई थी. दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और वे अलग-अलग रह रहे थे. तलाक का मामला भी कोर्ट में चलने की बात सामने आई है.
पत्नी की हत्या के बाद बहन के घर पहुंचा
पत्नी की हत्या करने के बाद मानस हुसड़िया स्थित अपनी बहन के किराए के मकान पर पहुंचा. यहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी. इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के मुताबिक, घटना में मानस और उसकी बहन की भी मौत हो गई. हालांकि, बहन की हत्या के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
WhatsApp स्टेटस से सामने आया खौफनाक इरादा
घटना से पहले मानस के WhatsApp स्टेटस ने मामले को और गंभीर बना दिया. बताया जा रहा है कि उसने स्टेटस में पत्नी की हत्या करने की बात लिखी थी और अपनी बहन तथा खुद को भी मारने का जिक्र किया था. स्टेटस में उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप भी लगाया था. साथ ही पत्नी की बहन और उसके पति के नाम का जिक्र करते हुए लिखा था कि उन्हें मामले की जानकारी है. परिजनों और परिचितों ने जब यह स्टेटस देखा तो मानस से संपर्क करने की कोशिश की. जब कोई जवाब नहीं मिला तो लोग उसके घर पहुंचे.
दरवाजा तोड़ा तो अंदर मिले दो शव
परिचितों के मुताबिक, घर का दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. घर के अंदर टीवी चल रहा था. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने दरवाजे पर जोर लगाया और उसे खोलकर अंदर पहुंचे. अंदर मानस और उसकी बहन मृत अवस्था में मिले. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया.
तीन साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. दोनों पिछले करीब तीन साल से अलग-अलग रह रहे थे. तलाक को लेकर कोर्ट में मामला चलने की भी जानकारी सामने आई है.दिव्या आलमबाग में रहती थीं, जबकि मानस हुसड़िया के पास अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रह रहा था. दोनों अलग-अलग बैंकों में नौकरी करते थे.
पुलिस जांच में जुटी
जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गोमतीनगर इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब मानस के WhatsApp स्टेटस, पारिवारिक विवाद, तलाक के मुकदमे और उसकी बहन की हत्या के कारण समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. तीनों मौतों की परिस्थितियों और घटना की पूरी वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.


