मुरादाबाद: मुरादाबाद से अलीगढ़ के बीच सफर अब आसान और तेज होने की उम्मीद है. दिल्ली-लखनऊ एशियन हाईवे के जीरो प्वाइंट से एक नया मुरादाबाद-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे निकाला जाएगा. करीब 114.950 किलोमीटर लंबा यह फोरलेन हाईवे अलीगढ़ के निर्माणाधीन रिंग रोड से जुड़ेगा. परियोजना के लिए क्षेत्र के 129 ग्राम सभाओं की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है.
हाईवे दिल्ली-लखनऊ एशियन हाईवे के जीरो प्वाइंट पर स्थित गजगोला नानकबाड़ी गांव से शुरू होकर मुरादाबाद, अमरोहा, संभल और बुलंदशहर होते हुए अलीगढ़ तक पहुंचेगा. एनएचएआई की ओर से परियोजना से प्रभावित गांवों की जमीन का सर्वे और अन्य तैयारियां की जा रही हैं.
यह भी पढ़ें- नमो भारत यात्रियों को बड़ी राहत! अब बार-बार टिकट की झंझट खत्म, शुरू हुआ ट्रिप पास
अक्टूबर के अंत तक जारी होगा गाटा विवरण
भूमि अधिग्रहण से पहले गाटा संख्या के आधार पर सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक, अक्टूबर के अंत तक फाइनल गाटा विवरण जारी होने की उम्मीद है. इसके करीब दो महीने बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. संभल क्षेत्र के 38 गांव और गुन्नौर तहसील के 31 गांव इस परियोजना की जद में आएंगे. वहीं, अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र का इमरतपुर गांव भी परियोजना में शामिल है.
मुरादाबाद के इन गांवों से गुजरेगा हाईवे
मुरादाबाद जिले में हाईवे जिन गांवों से होकर गुजरेगा, उनमें गजगोला नानकबाड़ी, उमरी, गिन्नौर देह माफी, रतनपुर कला, मालीपुर, करीमपुर जब्ती, रसूलपुर हमीर, जाफरपुर, लालपुर गंगवारी, फत्तेहपुर खास, मलकपुर, अजमतपुर, ललवारा, कुतबपुर रायब, खुर्रमनगर बिचौला, मदारपुरा, नौसना शेखूपुर, अल्लापुर भीकन, कलालखेड़ा उर्फ शहजाद खेड़ा, नगलिया मशमूला, महमूदपुर माफी, असालतनगर बगा और बहादुरपुर राजपूत शामिल हैं.
पीडी एनएचएआई अरविंद कुमार के अनुसार, हाईवे बनने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्थानीय और क्षेत्रीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा. फाइनल सर्वे पूरा होने के बाद गाटा का प्रकाशन किया जाएगा और इसके बाद भूमि खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें- UP Railway को मिलेगी नई रफ्तार, 14,926 करोड़ के प्रोजेक्ट में बनेंगे 6 नए स्टेशन
मुरादाबाद मंडल में इतनी होगी लंबाई
प्रस्तावित हाईवे की मुरादाबाद मंडल में अलग-अलग जिलों के हिस्से की लंबाई भी निर्धारित की गई है. मुरादाबाद में करीब 15.60 किलोमीटर, जबकि संभल में 56.75 किलोमीटर हिस्सा होगा. अमरोहा में करीब 100 मीटर हिस्सा बताया गया है.


