मुंबई: मुंबई महानगर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे, कलवा, मुंब्रा और दिवा को जोड़ने वाले नए मेट्रो कॉरिडोर को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. खास बात यह है कि प्रस्तावित मेट्रो लाइन को मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल यानी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से सीधे जोड़ा जाएगा. इससे यात्रियों को मेट्रो, लोकल और बुलेट ट्रेन के बीच बेहतर मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
जबलपुर से मुंबई का सफर होगा आसान, 200 किमी दूरी घटने का दावा; 8-10 घंटे बचेगा समय
बुलेट ट्रेन स्टेशन तक पहुंचेगी मेट्रो
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई हाईलेवल बैठक के बाद महा मेट्रो को छह महीने के भीतर फिजिबिलिटी रिपोर्ट और डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया है. प्रस्तावित मेट्रो लाइन दिवा के म्हातारडी में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से जुड़ेगी. इसके अलावा यह मनपाडा में मेट्रो लाइन-12 (कल्याण-तलोजा) से भी कनेक्ट होगी. इससे ठाणे, मुंब्रा, दिवा, डोंबिवली, तलोजा, कल्याण और भिवंडी के बीच एक बड़ा इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ग्रिड तैयार होने की उम्मीद है.
लोकल ट्रेनों की भीड़ होगी कम
ठाणे, मुंब्रा और दिवा से बड़ी संख्या में यात्री रोजाना मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं. प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर से इन इलाकों के यात्रियों को एक अतिरिक्त और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा. मेट्रो के बुलेट ट्रेन कॉरिडोर और ठाणे की दूसरी मेट्रो लाइनों से जुड़ने के बाद यात्रियों को एक साधन से दूसरे साधन में आसानी से जाने की सुविधा मिलेगी. इससे लास्ट-माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने और लोकल ट्रेनों पर दबाव कम होने की उम्मीद है.
रियल एस्टेट और कारोबार को भी मिलेगा फायदा
कलवा, मुंब्रा और दिवा में तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और व्यावसायिक इलाकों को भी इस परियोजना से फायदा मिलने की उम्मीद है. बेहतर कनेक्टिविटी से इन क्षेत्रों में रियल एस्टेट, कारोबार और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को गति मिल सकती है.
वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन भी अंतिम चरण में
इधर, मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है. स्टेशन का निर्माण वडोदरा रेलवे स्टेशन के सातवें प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा है, जिससे हाई-स्पीड रेल और भारतीय रेलवे के बीच सीधा कनेक्शन स्थापित हो सकेगा. स्टेशन पर कॉनकोर्स, ट्रैक और प्लेटफॉर्म लेवल पर स्लैब कास्टिंग जैसे कई महत्वपूर्ण काम पूरे हो चुके हैं. फिलहाल स्ट्रक्चरल स्टील लगाने का काम तेजी से चल रहा है.
Bhopal Metro यात्रियों को मिली बड़ी राहत, अब Metro के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार
बरगद के पेड़ से प्रेरित है स्टेशन का डिजाइन
वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन का डिजाइन बरगद के पेड़ से प्रेरित है, जो शहर की पहचान को दर्शाता है. स्टेशन में प्राकृतिक रोशनी और खुले इंटीरियर पर विशेष ध्यान दिया गया है. यात्रियों के लिए आधुनिक वेटिंग एरिया, चाइल्डकेयर रूम, रेस्टरूम और रिटेल आउटलेट जैसी सुविधाएं होंगी. कार, बस और ऑटो-रिक्शा के लिए अलग पार्किंग के साथ पिकअप और ड्रॉप-ऑफ की सुविधा भी विकसित की जा रही है. इस तरह मुंबई से लेकर ठाणे और आगे कल्याण तक मेट्रो नेटवर्क को हाई-स्पीड रेल से जोड़ने की योजना क्षेत्र में सीमलेस मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है.


