Rajasthan Weather Update: राजस्थान में आने वाले दिनों में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलने वाले हैं. एक ओर जहां पश्चिमी राजस्थान भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की चपेट में रहेगा, वहीं दूसरी ओर पूर्वी राजस्थान के निवासियों को 12 मई के बाद आंधी और बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में चेतावनी जारी की है.
10 मई: तपिश का टॉर्चर और 44°C का पारा
10 मई के दौरान राजस्थान के तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. सूरज के तीखे तेवरों के कारण कई जिलों में अधिकतम तापमान 44°C के पार जाने की प्रबल संभावना है. भीषण गर्मी के बीच उदयपुर और कोटा संभाग में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर मौसम में हल्के बदलाव की उम्मीद जताई गई है.
भारत के सबसे अमीर राज्यों की लिस्ट आई सामने, UP-बिहार का हाल जानकर उड़ जाएंगे होश!
पश्चिमी राजस्थान में ‘येलो अलर्ट’
रेगिस्तानी इलाकों में लू का सितम शुरू होने वाला है. मौसम केंद्र ने 10 मई को पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख जिलों- फलौदी, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और बालोतरा में लू का येलो अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं के थपेड़े जनजीवन को प्रभावित कर सकते हैं.
11 और 12 मई: लू के साथ हल्की बूंदाबांदी
11 मई को मौसम का मिला-जुला असर दिखेगा. एक तरफ जहां बीकानेर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी और श्रीगंगानगर में लू का प्रकोप जारी रहेगा. 12 मई को भी इन जिलों में राहत के आसार कम हैं और गर्म हवाओं का दौर बना रहेगा.
12 मई के बाद बदलेगा मिजाज: आंधी-बारिश की संभावना
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर पूर्वी राजस्थान से आ रही है. मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 14 मई के बीच जयपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में मौसम पलटी मारेगा. इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि, इसी अवधि के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग में लू का अलर्ट बरकरार रहेगा.
आम के बौर और फलों को तबाह कर रही हैं ये 5 बीमारियां, किसान भाई जानें एक्सपर्ट्स के अचूक उपाय
इन बातों का रखें ध्यान
दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और लू से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीते रहें. पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान की अधिकता को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.


