UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार के पांच सदस्य इन दिनों दुबई में फंसे हुए हैं. परिवार प्री-वेडिंग शूट के लिए दुबई गया था, लेकिन पश्चिम एशिया में बिगड़े हालात के कारण उनकी वापसी टल गई है.
शादी की खुशियां बनीं चिंता की वजह
होटल व्यवसायी अजय जैन के बेटे प्रिंस की अप्रैल महीने में शादी तय है. शादी से पहले यादगार पलों को कैमरे में कैद करने के लिए प्रिंस, उनका छोटा भाई, मंगेतर के भाई और भाभी सहित कुल पांच लोग दुबई गए थे. उनका 4 मार्च को भारत लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन इसी बीच इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने हालात बदल दिए.
यूपी का स्टेट हाईवे-38 बनेगा नेशनल हाईवे! हरदोई-उन्नाव-रायबरेली से प्रयागराज तक सफर होगा आसान
इजरायल-ईरान तनाव का असर, उड़ानें प्रभावित
इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव और हमलों के चलते खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द या डायवर्ट किया गया है. एहतियातन कुछ हवाई मार्गों पर अस्थायी रोक भी लगाई गई है. इसी कारण परिवार की वापसी फिलहाल संभव नहीं हो पा रही है.
बुर्ज खलीफा के पास होटल में रुका परिवार
परिवार के सदस्य दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं. अजय जैन ने बताया कि वे लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से अपने बच्चों से संपर्क में हैं, लेकिन मौजूदा हालात को लेकर बेहद चिंतित हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप कर परिवार की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है.
यूपी में मिल रही सोने की परत से सजी ‘शाही गुझिया’, कीमत सुनकर उड़ जाएंगे होश!
गांव में चिंता का माहौल
इधर चंदौली में परिवार और परिचितों के बीच बेचैनी का माहौल है. गांव के लोग उनके सकुशल लौटने की दुआ कर रहे हैं. परिजन सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने और सुरक्षित स्वदेश वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. शादी की खुशियों को खास बनाने के लिए विदेश गया यह परिवार अब सिर्फ एक ही प्रार्थना कर रहा है, जंग का साया जल्द हटे और वे सुरक्षित अपने वतन लौट सकें.


