UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है. कुछ दिन पहले तक जहां भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा था, वहीं अब अचानक मौसम ने करवट ली है. हालांकि यह बदलाव राहत के साथ-साथ नई चिंता भी लेकर आया है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने 5 अप्रैल के लिए प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है.
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के कई जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और अंबेडकर नगर शामिल हैं. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
यूपी बनेगा फार्मा निर्यात का ग्लोबल हब! ललितपुर फार्मा पार्क को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी
तेज हवाओं के साथ बदलेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 5 अप्रैल को इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधियां चल सकती हैं. इसके बाद मौसम तेजी से बदलेगा और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू होगी. इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ेगा और दिन के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी और लू से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा, जो जान-माल के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है.
विशेषज्ञों की राय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला 5 अप्रैल तक जारी रह सकता है. उन्होंने बताया कि इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है. हाल के दिनों में जहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, वहीं अब इसमें कमी आने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं.
किसानों के लिए बढ़ी चिंता
मौसम के इस अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. तेज आंधी और संभावित ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी गेहूं, सब्जियों और फलों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है. कई स्थानों पर फसल गिरने और दाने झड़ने की समस्या सामने आ सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
वाराणसी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 1,700 करोड़ की तीन टाउनशिप से बदलेगा शहर का भविष्य
प्रशासन की अपील
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी रखा है. उत्तर प्रदेश में मौसम का यह बदलाव जहां एक ओर गर्मी से राहत दे रहा है, वहीं दूसरी ओर सतर्क रहने की चेतावनी भी दे रहा है.


