Ganga Expressway Update: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बन रहा गंगा एक्सप्रेसवे अब लगभग पूरी तरह तैयार हो चुका है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब लोगों को इसके शुरू होने का इंतजार है. अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर लाइट और साइन बोर्ड भी लगा दिए गए हैं और उम्मीद है कि मार्च के आखिरी सप्ताह तक इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी.
बस… आने वाली है PM Kisan की 22वीं किस्त! 9 करोड़ किसानों के खाते में आएंगे ₹2000, ऐसे करें चेक
रायबरेली जिले के भीतर गंगा एक्सप्रेसवे करीब 78 किलोमीटर लंबाई में बनाया गया है. इसके साथ ही स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए लगभग 80 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड भी तैयार कर दी गई है. सर्विस रोड बनने से आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है. पहले जहां उन्हें कई किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता था, अब कम दूरी तय करके वे आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
ग्रामीणों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिले के अंदर करीब 40 अंडरपास बनाए गए हैं. इन अंडरपास की मदद से गांवों के लोग सुरक्षित तरीके से एक्सप्रेसवे के आर-पार जा सकेंगे. इससे आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क बेहतर हुआ है और लोगों का समय भी बचेगा.
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐहार के पास फूड प्लाजा बनाया जाएगा, जहां सफर के दौरान लोग रुककर भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे. इसके अलावा ऐहार और जगतपुर के पास एक्सप्रेसवे पर चढ़ने और उतरने के लिए एंट्री प्वाइंट भी बनाए गए हैं. इससे जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों एनटीपीसी और आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा.
इसके साथ ही इटौरा बुजुर्ग के पास एक औद्योगिक हब विकसित करने की योजना भी तैयार की गई है. इसके लिए यूपीडा द्वारा किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है और कुछ और जमीन की जरूरत बताई जा रही है. औद्योगिक हब बनने से जिले में नई औद्योगिक इकाइयों के आने की संभावना बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे.
यूपी में 3630 करोड़ से बनेगा नया हाई-स्पीड कॉरिडोर, दिल्ली-एनसीआर से सीधे जुड़ जाएगा एयरपोर्ट
अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे और सर्विस रोड दोनों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो मार्च के आखिरी सप्ताह तक गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकती है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी.


