Ayodhya Ram Mandir donation scam: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि अवैध वसूली से जुटाई गई रकम को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए शेयर बाजार में निवेश और ऊंची ब्याज दर पर कर्ज देकर खपाया जाता था. पुलिस ने इस मामले में 30 संदिग्ध बैंक खाते फ्रीज किए हैं और फर्जी चंदा रसीदें भी बरामद की हैं. रिमांड पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को वापस जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच जारी है.
अवध विश्वविद्यालय का 31वां दीक्षांत समारोह 12 अगस्त को, तैयारियों में जुटीं सभी समितियां
क्या है पूरा मामला?
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के नाम पर अवैध वसूली और श्रद्धालुओं से ठगी की शिकायतें सामने आई थीं. मंदिर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और चंदा संग्रहण प्रक्रिया में सेंध लगाकर आरोपी लंबे समय से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और गिरोह के 8 सदस्यों को दबोच लिया.
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस कस्टडी की 40 घंटे की रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी अनुकल्प और अविनाश शुक्ला ने पुलिस के सामने कई राज उगले हैं. आरोपियों ने कबूल किया कि वे मंदिर के चंदे से चुराए गए और अवैध रूप से कमाए गए पैसों को सीधे अपने पास रखने के बजाय ‘मनी लॉन्ड्रिंग’ के जरिए ठिकाने लगाते थे.
शेयर बाजार में निवेश
आरोपी अपनी इस काली कमाई का एक बड़ा हिस्सा शेयर बाजार (Stock Market) में इन्वेस्ट करते थे. ठगी के पैसों को सफेद करने के लिए वे आम लोगों को ऊंची ब्याज दरों पर लोन (कर्ज) भी दिया करते थे.
रिश्तेदारों के बैंक खातों का इस्तेमाल, 30 खाते फ्रीज
अपनी काली कमाई को छिपाने और पुलिस की नजरों से बचने के लिए शातिर आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों और करीबियों के बैंक खातों का सहारा लिया. पुलिस ने संदिग्ध लेनदेन के आधार पर ऐसे 30 बैंक खातों को चिन्हित कर फ्रीज कर दिया है. इसके अलावा, आरोपियों के पास से भारी मात्रा में फर्जी चंदे की रसीदें भी बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल वे श्रद्धालुओं को ठगने के लिए करते थे.
आरोपी वापस जेल भेजे गए, जांच जारी
बुधवार सुबह शुरू हुई रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद, पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गुरुवार रात उन्हें वापस जेल भेज दिया. पुलिस अब उन सभी लोगों की सूची तैयार कर रही है, जिनके बैंक खातों का इस्तेमाल इस अवैध लेनदेन में किया गया था.


