दिल्ली-एनसीआर के बुनियादी ढांचे को एक नया और आधुनिक रूप देने की तैयारी शुरू हो चुकी है. गुरुग्राम में सिंगापुर की तर्ज पर 1,000 एकड़ में विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी ‘ग्लोबल सिटी’ को द्वारका एक्सप्रेसवे और जयपुर हाईवे से जोड़ने के लिए एक खास परियोजना को मंजूरी दी गई है. इसके तहत करीब 150 मीटर लंबी और चार लेन की एक सुरंग (टनल) का निर्माण किया जाएगा, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट तक का सफर पूरी तरह सिग्नल-मुक्त (सिग्नल-फ्री) हो जाएगा.
अवध विश्वविद्यालय में 30 दिवसीय स्वच्छता कार्यशाला का समापन, परिसर में चला वृहद सफाई अभियान
हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के प्रबंध निदेशक (एमडी) सुशील सारवान ने इस परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को पत्र लिखा है. प्रमुख सचिव स्तर पर इस प्रोजेक्ट को पहले ही हरी झंडी मिल चुकी है.
923 करोड़ रुपये की लागत से बदलेगी कनेक्टिविटी की तस्वीर
इस पूरी कनेक्टिविटी परियोजना पर करीब 923 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. एनएचएआई द्वारा यहां 150 मीटर लंबी टनल के साथ-साथ एक ट्रम्पेट इंटरचेंज और अंडरपास का निर्माण भी किया जाएगा. ग्लोबल सिटी और इसके समीप बनने वाली ‘विजन सिटी’ को निर्बाध (seamless) कनेक्टिविटी देना.
इस टनल के चालू होने के बाद गुरुग्राम से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को किसी भी ट्रैफिक सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा.ग्लोबल सिटी के पहले फेज के बुनियादी ढांचे (सड़क, सीवर, पानी, बिजली) को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है. फिलहाल, 10.5 किलोमीटर लंबे यूटिलिटी सिस्टम का करीब 60% काम पूरा किया जा चुका है.
₹4.62 करोड़ से बनेगी सर्विस रोड
ग्लोबल सिटी के साथ-साथ गुरुग्राम के सेक्टर-78 और 79 के स्थानीय निवासियों के लिए भी एक अच्छी खबर है. गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के सीईओ पीसी मीणा ने इन दोनों सेक्टरों को विभाजित करने वाली मुख्य सड़क के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने के टेंडर को मंजूरी दे दी है. करीब 4.62 करोड़ रुपये की लागत से दोनों तरफ 2-2 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड बनाई जाएगी. न्यूनतम बोली लगाने वाली कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया गया है. बारिश का मौसम खत्म होते ही निर्माण शुरू हो जाएगा, जिसे एक साल के भीतर पूरा करना होगा.
राम मंदिर दान चोरी पर नृपेंद्र मिश्र बोले- यह कलंक, यलो जोन पास विवाद पर FIR की मांग
वर्तमान में इस मुख्य सड़क पर 3-3 लेन होने के कारण गाड़ियां काफी तेज रफ्तार में चलती हैं. आसपास की सोसाइटियों (जैसे मैप्सको माउंट विले) से सीधे मुख्य सड़क पर आने वाले वाहनों के कारण हादसे का खतरा बना रहता था. स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए के अनुसार, इस सर्विस रोड के बनने से सोसाइटियों के हजारों लोगों का सफर सुरक्षित और सुगम हो जाएगा.


