Ram temple donation theft: श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राम मंदिर में सामने आए चढ़ावा (दान) चोरी प्रकरण पर गहरी नाराजगी और दुख व्यक्त किया है. शनिवार को अयोध्या के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इसे एक बड़ा ‘कलंक’ करार दिया. नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि यह घटना अपने आप में एक कलंक है. इस घटना से हम सब बहुत छोटा महसूस कर रहे हैं. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज ने भी इसे कलंक बताया है. उम्मीद है कि अब व्यवस्थाओं में सुधार होगा और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति कभी नहीं होगी.
30 जुलाई तक पूरे होंगे मुख्य कार्य
निर्माण समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर निर्माण की समयसीमा और प्रगति को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं. पुराने मंदिर स्मारक का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब वहां 24 घंटे अखंड ज्योति जलाने की व्यवस्था की जा रही है. यह स्मारक जुलाई के अंत तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा.
30 जुलाई तक राम मंदिर परिसर के लगभग सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे. 4 किलोमीटर लंबी इस बाउंड्री वॉल का कार्य 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है. इसका निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है. प्रस्तावित संग्रहालय के लिए 20 गैलरियों की स्टोरी लाइन तैयार हो चुकी है. इस पर अंतिम निर्णय जारी बैठकों में लिया जाएगा. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है.
15 जुलाई तक कामकाज संभालेंगे गोपाल राव
विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी और ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने स्पष्ट किया है कि वे 15 जुलाई तक ट्रस्ट के कार्यों में सक्रिय रहेंगे. उन्होंने बताया कि कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी के निर्देशानुसार वे नई व्यवस्था विकसित होने तक वित्तीय कार्यों को छोड़कर निर्माण और अन्य दायित्वों को संभाल रहे हैं, ताकि नए महासचिव को सहयोग मिल सके और कार्यों की निरंतरता बनी रहे.
सुरक्षा पास (यलो जोन पास) मामले में जांच और FIR की मांग
दूसरी तरफ, मंदिर की सुरक्षा से जुड़े ‘यलो जोन पास’ में कथित अनियमितता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने अयोध्या पुलिस को एक शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
क्या है आरोप?
शिकायत के मुताबिक, गोपाल राव के वाहन पर लगे यलो जोन पास पर नाम ‘गोपाल राव’ और पद ‘ट्रस्ट सहयोगी’ लिखा है, लेकिन उस पर लगी तस्वीर किसी अन्य व्यक्ति की है. युवा कांग्रेस का कहना है कि सुरक्षा पास में नाम और फोटो की यह भिन्नता गंभीर है. उन्होंने मांग की है कि पास के आवेदन, सत्यापन और जारी होने की पूरी प्रक्रिया की समयबद्ध जांच की जाए ताकि यह साफ हो सके कि यह प्रशासनिक चूक है या कोई साजिश.


