नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है. अक्सर अभ्यर्थी इसकी तैयारी के लिए अपनी नौकरी या अन्य काम छोड़ देते हैं, लेकिन पंजाब की जनदीप कौर ने यह साबित कर दिया है कि अगर मजबूत इरादा और सही टाइम मैनेजमेंट हो, तो फुल-टाइम जॉब के साथ भी यूपीएससी क्रैक की जा सकती है. इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की 9 से 5 की ड्यूटी निभाते हुए जनदीप कौर ने अपने 5वें प्रयास में ऑल इंडिया 147वीं रैंक हासिल कर आईपीएस (IPS) बनने का सपना पूरा किया है.
राहुल गांधी का अमित शाह को पत्र, पूछा- छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन का आदेश किसने दिया?
इंजीनियरिंग से एसएससी सीजीएल तक का सफर
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के छोटे से गांव चनार्थल खुर्द की रहने वाली जनदीप कौर ने पटियाला की प्रसिद्ध थापर यूनिवर्सिटी से ‘इलेक्ट्रॉनिक्स इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल’ में बी.टेक किया. इसके बाद साल 2018 में उन्होंने SSC CGL की परीक्षा दी और देश भर में 68वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की. इस शानदार सफलता के बाद उनका चयन आयकर विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर हुआ.
IRS अधिकारियों से मिली UPSC की प्रेरणा
पटियाला में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के रूप में तैनाती के दौरान जनदीप का संपर्क रोजाना वरिष्ठ भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारियों से होता था. उनके काम करने के तरीके, निर्णय लेने की क्षमता और समाज पर उनके प्रभाव को देखकर जनदीप के मन में सिविल सेवा में जाने की इच्छा जागी और उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू करने का फैसला किया.
नौकरी के साथ सेल्फ-स्टडी और टाइम मैनेजमेंट
फुल-टाइम वर्किंग प्रोफेशनल होने के कारण किसी ऑफलाइन कोचिंग को ज्वाइन करना संभव नहीं था. इसलिए जनदीप ने पूरी तरह से ऑनलाइन कंटेंट और सेल्फ-स्टडी पर भरोसा किया,उन्होंने पूरे सिलेबस को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर पढ़ाई की. यूट्यूब, ऑनलाइन वीडियो और इंटरनेट से उपलब्ध स्टडी मटेरियल का सहारा लिया. सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ऑफिस की ड्यूटी के बाद रात के वक्त और वीकेंड की छुट्टियों का पूरा इस्तेमाल पढ़ाई के लिए किया.
4 बार की असफलता के बाद मिली 147वीं रैंक
यूपीएससी का सफर जनदीप के लिए आसान नहीं रहा. लगातार 4 बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और हर प्रयास के साथ अपनी गलतियों को सुधारती रहीं. आखिरकार, अपने 5वें प्रयास में उन्होंने 147वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चुनी गईं.
असम बाढ़: हालात में मामूली सुधार, लेकिन 66 लोगों की मौत; 6.54 लाख से अधिक लोग अब भी प्रभावित
वर्तमान स्थिति
जनदीप कौर फिलहाल हैदराबाद स्थित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी’ (SVPNPA) में अपने आईपीएस पद का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं. उनकी यह सफलता उन लाखों अभ्यर्थियों और कामकाजी युवाओं के लिए एक मिसाल है जो नौकरी के साथ यूपीएससी पास करने का सपना देखते हैं.


