Kalindi Kunj Interchange: दिल्ली-नोएडा सीमा पर स्थित कालिंदी कुंज में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. इस क्षेत्र में प्रस्तावित नए इंटरचेंज की डिजाइन तैयार हो चुकी है. इसके बनने के बाद अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों का ट्रैफिक एक-दूसरे से नहीं टकराएगा, जिससे यहां रोज लगने वाले जाम में काफी कमी आने की संभावना है.
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अनुसार, इस परियोजना पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इंटरचेंज का निर्माण कार्य अगले वर्ष शुरू करने की योजना है. एनएचएआई के मुताबिक कालिंदी कुंज मार्ग से हर दिन औसतन चार लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं. फिलहाल यमुना नदी पर नोएडा से कालिंदी कुंज की ओर जाने के लिए एक पुल है, जबकि कालिंदी कुंज से नोएडा की तरफ जाने के लिए दो पुल मौजूद हैं.
यमुना पर बनेगा नया पुल और एलिवेटेड रोड
लाइव हिंदुस्तान पर छपी खबर की रिपोर्ट के मुताबिक, नई योजना के तहत नोएडा से कालिंदी कुंज की ओर जाने वाले वाहनों के लिए यमुना नदी पर मौजूदा पुल के समानांतर एक नया पुल बनाया जाएगा. डिजाइन के अनुसार, नोएडा से मदनपुर खादर जेजे कॉलोनी, जैतपुर, फरीदाबाद और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों के लिए कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के जेजे कॉलोनी वाले हिस्से की तरफ करीब 500 मीटर लंबी एलिवेटेड रोड तैयार की जाएगी. यह एलिवेटेड रोड सीधे यमुना पर बनने वाले नए पुल से जुड़ेगी. इससे वाहनों को बिना किसी सिग्नल या कट के आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा.
इसी तरह फरीदाबाद और जैतपुर की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए ईको पार्क रोड की ओर, कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के सामने एक अलग एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी. यह सड़क सीधे नोएडा की ओर जाने वाले पुल से जुड़ी होगी.
स्थानीय और लंबी दूरी का ट्रैफिक होगा अलग
योजना के तहत नोएडा से ओखला, सरिता विहार, जसौला और शाहीन बाग जाने वाले वाहन एलिवेटेड रोड के नीचे से गुजरेंगे. ये वाहन आगरा कैनाल पार करते हुए जीडी बिड़ला रोड से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. इस व्यवस्था से स्थानीय ट्रैफिक और लंबी दूरी के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग उपलब्ध होंगे, जिससे इंटरचेंज पर अनावश्यक दबाव कम होगा.
जाम घटेगा, सफर होगा आसान
वर्तमान में कालिंदी कुंज क्षेत्र में एमसीडी टोल और अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के एक ही स्थान पर मिलने के कारण अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है. खासकर व्यस्त समय में लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है.
प्रस्तावित इंटरचेंज और एलिवेटेड रोड की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि अलग-अलग दिशाओं का ट्रैफिक एक-दूसरे को क्रॉस नहीं करेगा. इससे वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी, जाम कम लगेगा और लोगों के यात्रा समय में भी कमी आएगी.


