Ghaziabad Jewar Namo Bharat Corridor: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कनेक्टिविटी को एक नया आयाम देने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने गाजियाबाद से जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक 72.44 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर की रूपरेखा तैयार की है. इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना में क्षेत्रीय रैपिड ट्रेन (नमो भारत) और स्थानीय मेट्रो दोनों को एक ही ट्रैक नेटवर्क पर संचालित करने की योजना है.
11 नमो भारत और 18 मेट्रो स्टेशन
गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर में कुल 29 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें 11 स्टेशन नमो भारत (RRTS) और 18 स्टेशन स्थानीय मेट्रो सेवाओं के लिए होंगे. इससे गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच यात्रियों को तेज़ अंतर-शहर यात्रा के साथ-साथ स्थानीय परिवहन की सुविधा भी मिल सकेगी.
कौन -कौन से होंगे नमो भारत स्टेशन?
आपको बता दें कि नमो भारत के कुल 11 स्टेशन होंगे. जिसमें से गाजियाबाद दक्षिण, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-2, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-3, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-12, सूरजपुर, अल्फा-1, इकोटेक-6, दनकौर, यीडा नॉर्थ (सेक्टर-18), यीडा सेंट्रल (सेक्टर-21) और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का नाम शामिल है.
कितने होंगे स्थानीय मेट्रो स्टेशन?
वहीं मेट्रो स्टेशन की बता करें तो सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-16सी, इकोटेक-12, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (सेक्टर-4), ग्रेटर नोएडा सेक्टर-10, नॉलेज पार्क-5, पुलिस लाइंस सूरजपुर, इकोटेक-2, नॉलेज पार्क-3, ओमेगा-2, फाई-3, इकोटेक-1ई, इकोटेक-8, दादुपुर, जुनेदपुर, यीडा सेक्टर-17, यीडा सेक्टर-15 और यीडा सेक्टर-33 का नाम है.
180 किमी/घंटा की रफ्तार और भूमिगत मार्ग
यह कॉरिडोर दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस लाइन के गाजियाबाद स्टेशन से जेवर हवाई अड्डे को जोड़ेगा. 72.44 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का लगभग 71.15 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड (ऊंचा) रहेगा, जबकि 1.29 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड (भूमिगत) होगा. 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के साथ, गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक का सफर महज 40 से 50 मिनट में पूरा होने का अनुमान है. अधिकारियों के मुताबिक, यह परियोजना अभी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) स्तर पर है.
बुलेट ट्रेन में इंजन नहीं फिर भी 300 KM की रफ्तार! जानें कैसे चलती है, कितनी है एक कोच की कीमत
बावल-बहरोड़ रूट को भी मिली हरी झंडी
इसी बीच, दिल्ली (सराय काले खां) से गुरुग्राम-बावल नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर के विस्तार को भी मंजूरी मिल गई है. अब इसे पहले चरण में ही बावल से आगे राजस्थान के बहरोड़ तक बढ़ाया जाएगा. एनसीआर प्लानिंग कमेटी द्वारा स्वीकृत इस 36 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण पर लगभग ₹8,000 करोड़ की लागत आएगी, जिसमें 4 स्टेशन बनाए जाएंगे. इस मार्ग पर यात्रा का समय केवल 24 मिनट होगा.


