Gurugram Pataudi Rewari Highway: गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे (NH-352W) पर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. निर्माणाधीन जमालपुर और पातली फ्लाईओवर का काम करीब 99 प्रतिशत पूरा हो चुका है. दोनों फ्लाईओवर को अगले महीने के पहले सप्ताह में यातायात के लिए खोलने की तैयारी है. इनके शुरू होने से पातली और हाजीपुर गांव की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी. करीब 46 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) करा रहा है. लगभग 2,000 करोड़ रुपये की इस परियोजना में कुल 25 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जाने हैं.
लखनऊ से कानपुर सफर होगा सुपरफास्ट! नमो भारत ट्रेन का काम तेज
सर्विस रोड से मिलेगी राहत
फिलहाल निर्माण कार्य के चलते वाहन चालकों को कई जगह सर्विस रोड का इस्तेमाल करना पड़ रहा है. पातली और जमालपुर फ्लाईओवर शुरू होने के बाद इस हिस्से में यातायात का संचालन ज्यादा सुगम हो जाएगा. दोनों फ्लाईओवर की लंबाई करीब 900 मीटर से एक किलोमीटर के बीच है. इससे स्थानीय गांवों और हाईवे के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
जमीन और हाईटेंशन तार बने देरी की वजह
हाईवे परियोजना का निर्माण 24 नवंबर 2021 को शुरू हुआ था. इसे निर्धारित समय में पूरा किया जाना था, लेकिन जमीन उपलब्ध कराने में देरी और हाईटेंशन बिजली लाइनों के स्थानांतरण में समय लगने के कारण परियोजना प्रभावित हुई. NHAI का दावा है कि अक्टूबर तक गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे का निर्माण पूरा कर इसे यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य है.
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर घटेगा दबाव
हाईवे के पूरा होने के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है. यह कॉरिडोर गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-88 के पास से शुरू होता है. द्वारका एक्सप्रेसवे से इस हाईवे पर आने-जाने के लिए एक और फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है, जिसे अगले दो से तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य है. इसके बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे से रेवाड़ी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे के रूप में एक नया विकल्प मिल जाएगा.
पहाड़ी ROB का काम अभी सिर्फ 15 प्रतिशत
हालांकि, पूरी परियोजना को अक्टूबर तक खोलने की राह में पहाड़ी में बन रहा रेलवे ओवरब्रिज बड़ी चुनौती है. इस आरओबी का अभी करीब 15 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है. इसका निर्माण इस साल के अंत तक पूरा होने का दावा किया जा रहा है.
पटौदी बाईपास से पहले ही मिली राहत
परियोजना के तहत करीब दो किलोमीटर लंबे पटौदी बाईपास को पहले ही यातायात के लिए खोल दिया गया है. इससे रेवाड़ी से गुरुग्राम या बिलासपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को पटौदी शहर के अंदर जाम में फंसने की जरूरत नहीं पड़ रही है. जमालपुर और पातली फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद इस हाईवे पर सफर और आसान होने की उम्मीद है और आसपास के इलाकों में कनेक्टिविटी के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.


