DDA Housing Scheme 2026: दिल्ली में अपना आशियाना खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए रक्षाबंधन पर अच्छी खबर है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) नरेला में 1,287 HIG और MIG फ्लैटों वाली नई नागरिक आवास योजना लेकर आया है. खास बात यह है कि इन फ्लैटों पर खरीदारों को 25 फीसदी तक की छूट दी जा रही है. नरेला के सेक्टर A1 से A4 के पॉकेट-3 और पॉकेट-4 में उपलब्ध इन फ्लैटों की बुकिंग 28 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी. योजना में फ्लैटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा.
25% छूट के बाद कितनी होगी कीमत?
DDA की इस योजना में HIG और MIG फ्लैट अलग-अलग पॉकेट में उपलब्ध होंगे. 25% छूट के बाद आवास योजना के तहत पॉकेट-3 और पॉकेट-4 में HIG फ्लैट करीब ₹96.86 लाख से ₹1 करोड़ और MIG फ्लैट करीब ₹73 लाख से ₹73.71 लाख में उपलब्ध होंगे. इस तरह कुल 1,287 फ्लैट इस आवास योजना के तहत उपलब्ध होंगे.
रेडी-टू-मूव और फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी
इन फ्लैटों की एक बड़ी खासियत यह है कि ये रेडी-टू-मूव-इन कंडीशन में हैं. यानी खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें रहने के लिए शिफ्ट किया जा सकता है. ये फ्लैट फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी के तौर पर उपलब्ध हैं. बुकिंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. खरीदार बुकिंग से पहले फ्लैट का जायजा लेने के लिए उपलब्ध सैंपल फ्लैट भी देख सकेंगे.
नरेला में कनेक्टिविटी भी मजबूत
DDA के मुताबिक, नरेला तेजी से विकसित हो रहा रेजिडेंशियल टाउनशिप है और यहां कनेक्टिविटी के साथ सुविधाओं का भी विस्तार हो रहा है.
- प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन सेक्टर A-4 से करीब 1 किलोमीटर दूरी
- प्रस्तावित नरेला RRTS स्टेशन करीब 1.5 किलोमीटर दूर
- GT करनाल रोड करीब 500 मीटर की दूरी पर
- UER-I करीब 100 मीटर की दूरी पर
- UER-II करीब 5.6 किलोमीटर दूर
- नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर A-7 करीब 1 किलोमीटर दूर
- प्रस्तावित मल्टी-स्पोर्ट्स इंटीग्रेटेड स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स करीब 9 किलोमीटर दूर
क्षेत्र को एजुकेशन हब के रूप में भी विकसित किया जा रहा है और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के लिए जमीन आवंटित की गई है.
नेपाल में बाढ़ के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट, शारदा बैराज पर SDRF की 24 घंटे निगरानी
28 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू होगी बुकिंग
DDA की इस योजना में घर लेने के इच्छुक लोग 28 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से बुकिंग कर सकेंगे. योजना की जानकारी, रजिस्ट्रेशन और बुकिंग के लिए DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. किसी भी सहायता के लिए DDA की हेल्पलाइन 1800110332 पर संपर्क किया जा सकता है. बुकिंग से पहले खरीदारों को कीमत, पात्रता, भुगतान शर्तों और अन्य नियमों की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर जरूर जांच लेनी चाहिए. रक्षाबंधन के मौके पर दिल्ली में घर खरीदने का यह मौका खास इसलिए है क्योंकि नरेला के इन 1,287 फ्लैटों पर 25 फीसदी छूट के साथ ‘पहले आओ, पहले पाओ’ का विकल्प दिया जा रहा है.


