आपने दही वड़ा जरूर ट्राई किया होगा, लेकिन क्या आपने कभी बुंदेलखंडी बरा का स्वाद चखा है? यह पारंपरिक डिश स्वाद में बेहद खास मानी जाती है. इसे एक बार बनाने के बाद दोबारा बनाने का मन जरूर करेगा.
बुंदेलखंडी बरा को खासतौर पर शादी-त्योहारों और गर्मियों के मौसम में बनाया जाता है. इसे उड़द की धुली हुई दाल और छाछ या मट्ठे के साथ तैयार किया जाता है.
यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में बंद कताई मिल की जमीन पर बनेगा टेक्सटाइल पार्क, 5 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार की उम्मीद
बुंदेलखंडी बरा बनाने के लिए सामग्री
- 3-4 कप उड़द की धुली हुई दाल
- 1/2 छोटा चम्मच हींग
- 1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च
- 1/4 चम्मच लाल मिर्च
- जरूरत अनुसार तेल
- 1-2 लीटर छाछ या मट्ठा
- 2-3 चम्मच बारीक कटा धनिया
- स्वादानुसार नमक
तड़के के लिए
- 1 चम्मच राई
- 2-3 खड़ी हरी मिर्च
- 1-2 कड़ी पत्ता
- 1 चम्मच तेल
बुंदेलखंडी बरा बनाने की विधि
1. उड़द दाल को भिगोएं
सबसे पहले उड़द की दाल को 3-4 बार अच्छी तरह धो लें. इसे हाथ से रगड़कर छिलके उतार लें. इसके बाद दाल को कम से कम 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखें. चाहें तो इसे रातभर भी भिगोया जा सकता है.
2. दाल का पेस्ट तैयार करें
अगले दिन भीगी हुई दाल का सारा पानी निकाल दें और दाल को मिक्सी में पीस लें. स्मूद पेस्ट बनाने के लिए इसमें थोड़ा पानी मिलाया जा सकता है.
अब दाल को एक बर्तन में निकालकर चम्मच से अच्छी तरह फेंटें. इसे तब तक फेंटना है, जब तक मिश्रण क्रीमी न लगने लगे.
3. दाल का मिश्रण चेक करें
एक कटोरी में पानी लें और उसमें थोड़ा दाल का मिश्रण डालें. अगर दाल पानी के ऊपर तैरने लगे तो समझें कि बरा बनाने के लिए मिश्रण तैयार है.
4. बरा तलें
एक बर्तन में पानी हल्का गुनगुना कर लें. इसे एक कटोरी में निकालकर इसमें नमक और 1/2 छोटा चम्मच हींग डालें.
अब कड़ाही में जरूरत के अनुसार तेल डालकर गर्म करें. हाथ पर थोड़ा पानी लगाएं और दाल के मिश्रण को चपटा करें. इसके बीच में एक छेद करके बरा का आकार दें और गर्म तेल में तल लें.
एक-एक करके तले हुए बरों को हींग और नमक वाले पानी में डालते जाएं. इससे बरा फूल जाएंगे.
5. छाछ तैयार करें
करीब 10 मिनट बाद पानी से सभी बरा निकालें और उन्हें निचोड़कर अलग प्लेट में रख दें.
दूसरी तरफ छाछ तैयार करें. इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च, काली मिर्च और भुना हुआ जीरा डालें.
अब राई, कड़ी पत्ता और खड़ी हरी मिर्च को तेल में भूनकर छाछ में तड़का लगाएं.
यह भी पढ़ें- UPI से बिना ऐप खोले पेमेंट कैसे करें? जानें Tap & Pay का तरीका
6. छाछ में डालें बरा
आखिर में पानी से निकाले हुए बरा को तैयार छाछ में डाल दें. इस तरह बुंदेलखंडी स्पेशल उड़द दाल के बरा तैयार हैं. इन्हें ठंडा या अपनी पसंद के अनुसार परोसा जा सकता है.


