बिजनौर: गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण से बिजनौर के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. जिले में एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अब आगे बढ़ने लगी है. करीब 800 आपत्तियों के निस्तारण के साथ दर निर्धारण का काम भी चल रहा है. ऐसे में इस सप्ताह के अंत तक जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है. किसानों की सूची तैयार की जा रही है और निर्धारित दरों के आधार पर मुआवजा दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में बदलेगा परीक्षा पैटर्न, 1000 MCQ प्रश्नों का बनेगा स्टैंडर्ड प्रश्न बैंक
109 गांवों से होकर गुजरेगा गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे के लिए गजट जारी हो चुका है. एक्सप्रेसवे अमरोहा के बाद बिजनौर जिले के चांदपुर तहसील क्षेत्र में प्रवेश करेगा. इसके बाद यह जिले की चांदपुर, बिजनौर और नजीबाबाद तहसीलों के 109 गांवों से होकर हरिद्वार तक जाएगा. बिजनौर जिले में एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 56 किलोमीटर होगी. इसके लिए लगभग 1,058.44 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है. इसके बदले करीब 8,000 किसानों को मुआवजा दिए जाने की बात है.
800 आपत्तियों का निस्तारण
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान जिले की तीनों तहसीलों में करीब 800 आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं. प्रशासन की ओर से इनका निस्तारण किया जा रहा है. इसके साथ ही भूमि की दर निर्धारित करने की प्रक्रिया भी जारी है. एडीएम न्यायिक शरदपाल सिंह के मुताबिक, आपत्तियों के निस्तारण का काम चल रहा है. यह प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है. इसके बाद यूपीडा की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू की जाएगी.
कृषि भूमि पर सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा
यूपीडा की ओर से भूमि की दर निर्धारित करने का काम किया जा रहा है. मुआवजे के लिए जमीन को अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है. कृषि भूमि के लिए सर्किल रेट का चार गुना, जबकि आवासीय भूमि के लिए दो गुना मुआवजा दिए जाने की व्यवस्था बताई गई है. इसके अलावा प्रशासन की ओर से सरकारी जमीन, चकरोड और अन्य संबंधित भूमि के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.
विदुरकुटी से जुड़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे को विदुरकुटी से जोड़ने की भी योजना है. इसके लिए उलेढ़ा गांव में जंक्शन प्रस्तावित है. यहां से छाडरी मोड़ होते हुए विदुरकुटी तक करीब 11 किलोमीटर लंबी लिंक रोड बनाने की योजना है. इस लिंक रोड से विदुरकुटी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- Delhi News: दिल्ली के 48 गांव बनेंगे शहरी गांव, सड़क-सफाई समेत सुविधाओं में होगा बदलाव
नजीबाबाद-नगीना मार्ग को जोड़ने के लिए बनेगी सर्विस रोड
परियोजना के तहत नजीबाबाद मार्ग को नगीना मार्ग से जोड़ने के लिए सर्विस रोड बनाने की योजना है. नगीना मार्ग पर जंक्शन प्रस्तावित है, जबकि गंगा एक्सप्रेसवे नजीबाबाद मार्ग के ऊपर से गुजरेगा. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा. एक्सप्रेसवे के पूरा होने पर बिजनौर का पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरिद्वार से सड़क संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है.


