पटना: अब पटना से सोनपुर जाने वालों को गंगा पार करने के लिए सिर्फ सड़क या पुल का सहारा नहीं लेना पड़ेगा. बिहार सरकार गंगा नदी के ऊपर से पटना से हरिहरनाथ (सोनपुर) तक रोपवे बनाने की तैयारी में है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना में आयोजित बिहार इन्वेस्टर मीट में ऐलान किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का काम अगले पांच महीने में शुरू कर दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है. पटना-सोनपुर रोपवे इसी दिशा में एक अहम परियोजना होगी. इससे लोगों को गंगा पार करने का एक नया विकल्प मिलेगा और सोनपुर के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- भारत में रिटेल मार्केट की बढ़ी मांग, Grade-A मॉल की Vacancy 4.8% पर पहुंची, 2028 तक आएगा 12.7 MSF नया स्पेस
मरीन ड्राइव से हरिहरनाथ तक जाएगा रोपवे
प्रस्तावित रोपवे पटना के मरीन ड्राइव से शुरू होकर गंगा के ऊपर से होते हुए हरिहरनाथ मंदिर, सोनपुर तक जाएगा. पहले सामने आई जानकारी के मुताबिक इसकी लंबाई करीब 7 किलोमीटर हो सकती है. रोपवे तैयार होने के बाद यात्री केबिन में बैठकर गंगा के ऊपर से सफर कर सकेंगे. यानी एक तरफ पटना शहर का नजारा होगा तो दूसरी तरफ गंगा और सोनपुर का दृश्य. खासकर धार्मिक और पर्यटन के लिहाज से यह सफर लोगों के लिए अलग अनुभव हो सकता है. मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना को PPP यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर विकसित किया जाएगा.
श्रावणी मेले में भी किया था ऐलान
पटना-सोनपुर रोपवे की चर्चा नई नहीं है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने करीब दो महीने पहले श्रावणी मेले के उद्घाटन के दौरान भी इस परियोजना का जिक्र किया था. उस समय उन्होंने बताया था कि रोपवे पटना के मरीन ड्राइव से शुरू होकर हरिहरनाथ तक पहुंचेगा. अब बिहार इन्वेस्टर मीट में मुख्यमंत्री ने परियोजना के काम को अगले पांच महीने में शुरू करने की बात कही है.
भागलपुर में भी गंगा पर बनेगा रोपवे
बिहार में गंगा के ऊपर बनने वाली यह अकेली रोपवे परियोजना नहीं होगी. भागलपुर में सुल्तानगंज के अजगैवीनाथ धाम को अगुवानी गंगा घाट से जोड़ने के लिए भी रोपवे बनाने की योजना है. इस रोपवे के जरिए श्रद्धालु और पर्यटक गंगा के ऊपर से नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे तक पहुंच सकेंगे. सुल्तानगंज का अजगैवीनाथ धाम धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, इसलिए इस परियोजना से तीर्थ पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
निवेशकों को सीएम का भरोसा- सरकार देगी पूरी सुरक्षा
बिहार इन्वेस्टर मीट में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया. उन्होंने उद्यमियों से बिहार में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उद्योगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पूरी सुरक्षा भी देगी. कार्यक्रम पटना के ताज होटल में आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे.
गंगा के दोनों किनारों पर तटबंध बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने गंगा में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के खतरे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार में गंगा में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में पानी आता है. इस साल गंगा के जलस्तर ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़े. बाढ़ से बचाव के लिए सरकार गंगा के दोनों किनारों पर तटबंध बनाने की दिशा में काम कर रही है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार का उद्देश्य बाढ़ के प्रभाव को कम करना और गंगा किनारे बसे इलाकों को बेहतर सुरक्षा देना है.
यह भी पढ़ें- फ्लाईदुबई कॉकपिट हमले की UAE में जांच, आतंकी कनेक्शन और साजिश के एंगल भी खंगाले जाएंगे
पटना-सोनपुर रोपवे के शुरू होने के बाद यह सिर्फ परिवहन का नया साधन नहीं होगा, बल्कि गंगा के ऊपर से पटना और सोनपुर को जोड़ने वाला एक नया पर्यटन अनुभव भी बन सकता है. हालांकि, परियोजना की अंतिम लागत, सटीक रूट, निर्माण एजेंसी और पूरा होने की समयसीमा से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.


