Kiratpur Manali Four Lane: हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है. इस परियोजना के तहत 10 नई सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है. इन सुरंगों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) की जांच भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय टीम करेगी. टीम परियोजना स्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करेगी. इसके बाद एनएचएआई मुख्यालय से डीपीआर को अंतिम मंजूरी मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें- Ramayana: ‘रामायण’ में कैकेयी बनीं लारा दत्ता, मंथरा के रोल में शीबा चड्ढा, नए पोस्टर रिलीज
9 अक्टूबर तक परियोजना स्थलों का निरीक्षण
एनएचएआई की विशेषज्ञ टीम बुधवार को मंडी पहुंची. टीम में मुख्यालय के प्रमुख डीपीआर विशेषज्ञ संजय कुमार सिंह, सुरंग विशेषज्ञ अजित कुमार और भूविज्ञानी मनोज कुमार शामिल हैं. टीम 9 अक्टूबर तक स्थानीय अधिकारियों और डीपीआर कंसल्टेंट के प्रतिनिधियों के साथ परियोजना के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करेगी. इस दौरान प्रस्तावित सुरंगों के निर्माण, नदी के कटाव वाले क्षेत्रों और अन्य तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी. निरीक्षण और तकनीकी समीक्षा के बाद टीम अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी.
कीरतपुर-नागचला के बीच बनेंगी चार सुरंगें
कीरतपुर से नागचला के बीच चार नई सुरंगें प्रस्तावित हैं. इस खंड में पहले चरण में दो लेन वाली पांच सुरंगों का निर्माण किया गया था. बिलासपुर के कैंचीमोड़ में दूसरी सुरंग का निर्माण भी पूरा हो चुका है. मंडी के चार मील और नौ मील क्षेत्र में भी चार सुरंगें प्रस्तावित हैं. इनमें दो सुरंगों की लंबाई करीब दो-दो किलोमीटर और अन्य दो की लंबाई 800-800 मीटर बताई गई है.
नौ मील में पुल के डिजाइन की भी होगी समीक्षा
नौ मील क्षेत्र में फोरलेन पुल के निर्माण की योजना भी तकनीकी समीक्षा के दायरे में है. यहां पहले एक पिलर पर फोरलेन पुल बनाने का प्रस्ताव था, जबकि अब डबल पिलर वाले पुल की संभावना भी तलाशने की बात कही गई है. विशेषज्ञ टीम इस विकल्प के तकनीकी पहलुओं का आकलन करेगी.
पंडोह बाईपास पर दो सुरंगें प्रस्तावित
पंडोह बाईपास पर भी दो नई सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है. इन सुरंगों और बाईपास के निर्माण से कीरतपुर से कुल्लू के डोहलू नाला तक मार्ग को पूरी तरह फोरलेन बनाने की योजना है. परियोजना पूरी होने पर इस मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने और सफर को अधिक सुरक्षित करने में मदद मिलने की उम्मीद है. हालांकि, प्रस्तावित सुरंगों के निर्माण से संबंधित अंतिम निर्णय डीपीआर की जांच और मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा.
जेपी नड्डा करेंगे हिमाचल की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा
हिमाचल प्रदेश में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तहत चल रही फोरलेन और अन्य सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी प्रस्तावित है. शुक्रवार को बिलासपुर में होने वाली बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा करेंगे. उत्तरी जोन के एडीजी सुदीप चौधरी भी बैठक में उपस्थित रहेंगे. इसके अलावा, 10 अक्टूबर को चंडीगढ़ में क्षेत्रीय अधिकारी (RO), चंडीगढ़ के अंतर्गत आने वाली विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. इन बैठकों में निर्माण कार्यों की स्थिति और परियोजनाओं को आगे बढ़ाने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होगी.
यह भी पढ़ें- 180 की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत ट्रेन, 8 अक्टूबर को हुआ हाई स्पीड ट्रायल, जानें कहां हुआ परीक्षण


