Delhi Yamuna River Cruise: दिल्लीवासियों और राजधानी घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर है. अब दिल्ली में यमुना नदी की लहरों के बीच सैर-सपाटे का नया विकल्प मिलने जा रहा है. राजधानी में पहली बार यमुना के सोनिया विहार-जगतपुर क्षेत्र में रिक्रिएशनल रिवर क्रूज सेवा शुरू की जा रही है. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल कल इस सेवा का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी.
यमुना में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
इस पहल का उद्देश्य यमुना नदी के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को राजधानी में मनोरंजन का एक नया अनुभव देना है. सोनिया विहार से जगतपुर तक विकसित किए जा रहे इस क्रूज रूट पर पर्यटक नदी के बीच सफर का आनंद ले सकेंगे. इसके लिए क्रूज पोत का ट्रायल पिछले महीने भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सफलतापूर्वक किया गया था.
इलेक्ट्रिक क्रूज से दिखेगी स्वच्छ परिवहन की झलक
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम-2016 के तहत यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है. इसी जलमार्ग की संभावनाओं को देखते हुए मनोरंजन और नदी आधारित पर्यटन को विकसित करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है.
इस सेवा में इलेक्ट्रिक पावर से चलने वाले क्रूज पोतों का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ दिल्ली-NCR में पर्यटन का नया आकर्षण विकसित होने की उम्मीद है.
कई विभाग मिलकर कर रहे हैं परियोजना पर काम
इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) विकसित कर रहा है. इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और दिल्ली सरकार का सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सहयोग कर रहे हैं.
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और हर्ष मल्होत्रा के अलावा दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई-बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह तथा पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी शामिल होंगे.
इस क्रूज सेवा के शुरू होने से दिल्ली की पर्यटन सुविधाओं में एक नया अध्याय जुड़ने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि यमुना की लहरों पर शुरू होने वाला यह सफर राजधानी के लोगों और पर्यटकों के बीच कितना लोकप्रिय होता है.


