Aligarh Bypass: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. अलीगढ़-पलवल मार्ग पर खैर कस्बे में 10 किलोमीटर लंबा नया बाईपास बनाया जाएगा. करीब 70 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से खैर में भारी वाहनों के दबाव और आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.
35 मीटर चौड़ा होगा नया बाईपास
प्रस्तावित बाईपास की लंबाई करीब 10 किलोमीटर और चौड़ाई 35 मीटर होगी. अलीगढ़ से टप्पल की ओर जाते समय यह बाईपास मुख्य मार्ग के बाईं ओर बनाया जाएगा. परियोजना के लिए नया बांस, टीटी गांव समेत करीब 10 गांवों की जमीन इसके दायरे में आएगी.
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की बोर्ड बैठक में इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. एडीए के उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा के मुताबिक, बोर्ड की स्वीकृति के बाद परियोजना से संबंधित आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी.
अनाज मंडी के ट्रकों से लगता है जाम
खैर की अनाज मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक और दूसरे भारी वाहन पहुंचते हैं. भारी वाहनों के दबाव के कारण कस्बे में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. इसी समस्या को देखते हुए बाईपास का प्रस्ताव तैयार किया गया है. योजना के तहत बाईपास को खैर की अनाज मंडी की सड़क से सीधे जोड़ा जाएगा.
इससे मंडी आने-जाने वाले ट्रक और अन्य भारी वाहन कस्बे के अंदर प्रवेश किए बिना बाईपास के जरिए बाहर निकल सकेंगे.
अलीगढ़ से नोएडा-दिल्ली जाने वालों को भी फायदा
बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों का दबाव मुख्य कस्बे से कम होगा. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ अलीगढ़ से टप्पल, नोएडा और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
ट्रैफिक का दबाव कम होने से आवागमन अधिक सुगम और तेज हो सकेगा. करीब 70 करोड़ रुपये की यह परियोजना खैर में यातायात व्यवस्था को बदलने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी गति देने वाली मानी जा रही है.


