Amroha Latest News: गंगा एक्सप्रेसवे के बाद अब हसनपुर क्षेत्र में एक और बड़ी परियोजना की तैयारी तेज हो गई है. चंदनपुर खादर गांव में वन विभाग की भूमि पर एयर डिफेंस कॉरिडोर स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है. अधिकारियों ने प्रस्तावित क्षेत्र में भूमि का सर्वे शुरू कर दिया है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कॉरिडोर के लिए कितनी भूमि की आवश्यकता होगी.
बुंदेलखंड में आया ‘जमीन वाला बूम’! एक्सप्रेसवे के बाद पांच गुना तक बढ़े दाम, किसान हुए मालामाल
हसनपुर तहसील क्षेत्र में करीब 4,500 हेक्टेयर वन विभाग की भूमि है. गंगा एक्सप्रेसवे के नजदीक दौलतपुर कला से अमरोहा-संभल सीमा तक वन क्षेत्र फैला हुआ है. इसी क्षेत्र में चंदनपुर खादर गांव के पास एयर डिफेंस कॉरिडोर स्थापित करने की संभावना तलाशी जा रही है.
लोकेशन को बताया जा रहा अहम
चंदनपुर खादर में प्रस्तावित स्थल के आसपास पहले से ही कई बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं. क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे और औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं हैं. ऐसे में सुरक्षा और कनेक्टिविटी के लिहाज से इस क्षेत्र की लोकेशन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में एयर डिफेंस कॉरिडोर के लिए कई स्थानों पर भूमि का सर्वे कराया जा रहा है. हसनपुर क्षेत्र में एक ही स्थान पर पर्याप्त वन भूमि उपलब्ध होने और बेहतर लोकेशन के कारण यहां परियोजना स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
हसनपुर से गुजर रहा 23.6 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे
हसनपुर तहसील क्षेत्र में करीब 23.6 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे तैयार किया गया है. इसके बाद मंगरौला और रूखालू गांव के बीच गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी चल रही है. प्रस्तावित हरिद्वार एक्सप्रेसवे हसनपुर तहसील के 17 गांवों से होकर गुजरेगा. इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है.
5,500 बीघा में औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर की तैयारी
गंगा एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर की भी योजना है. वर्ष 2023 में यूपीईडा ने मंगरौला, रुस्तमपुर खादर और दौलतपुर कला में करीब 140 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की थी. प्रशासन के अनुसार इस भूमि में से 65 प्रतिशत से अधिक किसानों से खरीदी जा चुकी है. अब औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर का विस्तार करने की योजना है. इसके तहत सात अन्य गांवों से करीब 3,000 बीघा अतिरिक्त भूमि लेने की तैयारी चल रही है.
अभी कितनी जमीन लगेगी, स्पष्ट नहीं
क्षेत्रीय वनाधिकारी हसनपुर नरेश कुमार के अनुसार, चंदनपुर खादर में एयर डिफेंस कॉरिडोर के लिए वन विभाग की भूमि का सर्वे कराया जा रहा है. परियोजना के लिए कितनी भूमि ली जाएगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. अगर हसनपुर में एयर डिफेंस कॉरिडोर को मंजूरी मिलती है तो गंगा एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं के साथ यह क्षेत्र अमरोहा के रणनीतिक और औद्योगिक विकास के लिहाज से बेहद अहम केंद्र बन सकता है.


