Bijnor News: बिजनौर जिले में प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे के निर्माण की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. बिजनौर तहसील के 10 गांवों में 4,263 गाटा संख्या चिह्नित कर ली गई हैं. इनका रिकॉर्ड प्रशासन की ओर से उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को भेज दिया गया है. अब जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
औद्योगिक गलियारे के लिए चिह्नित जमीन का कुल क्षेत्रफल 683.8339 हेक्टेयर है. प्रशासन ने गाटा संख्या चिह्नित करने के साथ अंश निर्धारण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है. अब जमीन खरीदने और अधिग्रहण की आगे की कार्रवाई यूपीडा की ओर से की जाएगी.
10 गांवों में चिह्नित हुई जमीन
औद्योगिक गलियारे के लिए यूसुफाबाद, उलकपुर, स्वाहेड़ी बुजुर्ग, अलीपुर माखन, मुढाला, किशनपुर, नूरपुर डालू, फिरोजपुर रतन, खाना पट्टी और पपावरखुर्द गांव में जमीन चिह्नित की गई है. इनमें पपावरखुर्द में सबसे ज्यादा भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है. यहां 1,217 गाटे चिह्नित किए गए हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 172.0850 हेक्टेयर है. वहीं मुढाला में सबसे कम करीब 28.7 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है.
उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
औद्योगिक गलियारा विकसित होने के बाद जिले में नए उद्योग और निवेश आने की उम्मीद है. इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. होटल, परिवहन, वाहन मरम्मत और अन्य सेवा कारोबारों को भी फायदा मिल सकता है. इसके अलावा स्थानीय एमएसएमई को नई सप्लाई चेन मिलने, कनेक्टिविटी बेहतर होने और शहरी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है. औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से बिजनौर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है.
जबलपुर से मुंबई का सफर होगा आसान, 200 किमी दूरी घटने का दावा; 8-10 घंटे बचेगा समय
तहसीलदार आशीष सक्सेना ने क्या बताया?
तहसीलदार बिजनौर आशीष सक्सेना ने बताया कि औद्योगिक गलियारे के लिए गाटा संख्या चिह्नित कर रिपोर्ट यूपीडा को भेज दी गई है. अब आगे की कार्रवाई यूपीडा की ओर से की जाएगी. औद्योगिक गलियारा विकसित होने से बिजनौर के विकास को गति मिलने की उम्मीद है.


