Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने बड़ा फैसला लिया है. जीटी रोड पर करीब 2 किलोमीटर लंबा 4 लेन एलिवेटेड ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर बनाया जाएगा. यह कॉरिडोर घंटाघर रामलीला मैदान से चौधरी मोड़ होते हुए भाटिया मोड़ तक जाएगा. इसके बनने से घंटाघर, बस अड्डे और मेरठ मोड़ की तरफ आने-जाने वाले लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. GDA की बोर्ड बैठक मेरठ के मंडलायुक्त और GDA बोर्ड के अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में एलिवेटेड कॉरिडोर के अलावा हरनंदीपुरम आवासीय योजना, एयरोसिटी टाउनशिप और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.
घंटाघर से भाटिया मोड़ तक ऊपर दौड़ेंगे वाहन
जीटी रोड पर घंटाघर बाजार, तोराब नगर मार्केट और रामलीला मैदान के आसपास अक्सर भारी ट्रैफिक रहता है. सड़क पर स्थानीय और भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है. नए एलिवेटेड कॉरिडोर से भारी वाहनों को ऊपर से निकाला जाएगा. इससे नीचे की सड़क पर स्थानीय वाहनों के लिए जगह और रफ्तार दोनों बढ़ने की उम्मीद है. प्रस्तावित कॉरिडोर करीब 4 लेन का होगा. इस प्रोजेक्ट की फंडिंग अर्बन चैलेंज फंड के तहत बैंक लोन के जरिए जुटाई जाएगी. डिजाइन तैयार करने में IIT रुड़की और थर्ड पार्टी एजेंसी की मदद ली जाएगी.
हरनंदीपुरम में आवासीय योजना को रफ्तार
बोर्ड बैठक में 501 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाली हरनंदीपुरम आवासीय योजना के पहले चरण को आगे बढ़ाने का फैसला हुआ. इसमें करीब 24 हेक्टेयर भूमि का लैंड यूज कृषि से बदलकर आवासीय करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. इसके बाद योजना के पहले चरण में प्लॉटिंग, सड़क और पार्क जैसी सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ हो गया है.
541 हेक्टेयर में बनेगी एयरोसिटी टाउनशिप
GDA मोरटी, मेवला, अटौर और अगरी गांवों के करीब 541 हेक्टेयर क्षेत्र में एयरोसिटी टाउनशिप विकसित करेगा. इसके लिए किसानों की सहमति, लैंड पूलिंग और भूमि अधिग्रहण मॉडल के जरिए जमीन जुटाने को प्रशासनिक सहमति दी गई है. प्रस्तावित एयरोसिटी में होटल, मॉल, कमर्शियल स्पेस और आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएंगी.
हिंडन किनारे बनेगा मजबूत बांध
हरनंदीपुरम, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और एयरोसिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट हिंडन नदी के आसपास विकसित किए जा रहे हैं. ऐसे में बाढ़ के खतरे से सुरक्षा के लिए हिंडन नदी के किनारे मजबूत बांध बनाने का फैसला लिया गया है. इससे भविष्य में नदी का पानी नए विकसित हो रहे क्षेत्रों में पहुंचने से रोकने और बड़े प्रोजेक्ट्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
शाहपुर बम्हैटा में 80 एकड़ की टाउनशिप
शाहपुर बम्हैटा में करीब 80 एकड़ में विकसित हो रही टाउनशिप के लेआउट को मंजूरी दी गई है. साथ ही 54 एकड़ से अधिक भूमि के कृषि उपयोग को आवासीय उपयोग में बदलने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ. इंदिरापुरम के शक्ति खंड-4 में होटल प्लॉट और शक्ति खंड-2 के कुछ कमर्शियल प्लॉट को ग्रुप हाउसिंग कैटेगरी में बदलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली. वहीं हापुड़ में हसनपुर लोधा की 13.15 हेक्टेयर कृषि भूमि का लैंड यूज बदलकर औद्योगिक उपयोग में करने की अनुमति दी गई है.
शहर की तस्वीर बदलने वाले कई प्रोजेक्ट एक साथ
GDA बोर्ड के इन फैसलों से गाजियाबाद में ट्रैफिक, आवास, कारोबार और शहरी विकास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट आगे बढ़ेंगे. एलिवेटेड कॉरिडोर से जहां जीटी रोड के जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं हरनंदीपुरम और एयरोसिटी जैसी योजनाएं शहर के विस्तार को नई दिशा दे सकती हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और उसके आसपास का विकास भी गाजियाबाद के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है.


