Gurugram IMT Sohna Industrial Hub: एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए रोजगार और औद्योगिक विकास से जुड़ी बड़ी खबर है. गुरुग्राम के आईएमटी सोहना में 139 एकड़ जमीन पर ‘इनडेकोर सिटी’ विकसित करने की योजना तैयार की गई है. हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की इस परियोजना से इंटीरियर और स्पेस डिजाइनिंग से जुड़ी कंपनियों को जगह मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
टोल प्लाजा के पास रहने वालों को बड़ी राहत, अब ऑनलाइन बनेगा लोकल पास
1600 एकड़ में विकसित हो रहा IMT सोहना
HSIIDC की ओर से आईएमटी सोहना को करीब 1600 एकड़ जमीन पर विकसित किया जा रहा है. इसमें लगभग 500 एकड़ में विशेष तौर पर इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है. ब इसी औद्योगिक क्षेत्र में 139 एकड़ जमीन पर इनडेकोर सिटी विकसित करने की तैयारी है. यहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित करने के लिए विशेष भूखंड विकसित किए जाएंगे.
इंटीरियर और स्पेस डिजाइनिंग कंपनियों को मिलेगा ठिकाना
इनडेकोर सिटी में इंटीरियर डिजाइन, स्पेस डिजाइनिंग और इससे जुड़े उद्योगों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी. परियोजना का उद्देश्य एक ऐसा औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र तैयार करना है, जहां डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां एक ही स्थान पर अपना कारोबार स्थापित कर सकें. HSIIDC के प्रबंध निदेशक सुशील सरवन के मुताबिक, परियोजना के पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली-NCR, खासकर सोहना और मेवात/नूंह क्षेत्र के युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
50 फीसदी से ज्यादा भूखंड हो चुके आवंटित
सोहना IMT को बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स और IT क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है. 1600 एकड़ क्षेत्र में कुल 876 भूखंड विकसित किए गए हैं, जिनमें से 472 भूखंड कंपनियों को आवंटित किए जा चुके हैं. यानी 50 फीसदी से ज्यादा भूखंड पहले ही उद्योगों को दिए जा चुके हैं. इस परियोजना को ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत हरियाणा के औद्योगिक आधार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के करीब होने का फायदा
आईएमटी सोहना की लोकेशन भी इसे खास बनाती है. यह गुरुग्राम से करीब 36 किलोमीटर और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 48 किलोमीटर दूर है. इसके अलावा क्षेत्र दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के नजदीक है. इससे यहां स्थापित होने वाली कंपनियों को कच्चे माल और तैयार उत्पादों की आवाजाही में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
CM सैनी आज करेंगे युवा उद्यमी यात्रा की शुरुआत
इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में जेन-जी उद्यमियों के साथ संवाद करेंगे और युवा उद्यमी यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे. इस पहल के जरिए युवाओं को MSME क्षेत्र से जोड़कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के साथ उन्हें फंडिंग, तकनीकी सहायता और कारोबार को आगे बढ़ाने से जुड़ी जानकारी दी जाएगी. प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे. बैठक में जिले से जुड़े 17 परिवाद रखे जाएंगे और संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनकी स्थिति की जानकारी लेकर समाधान के लिए निर्देश दिए जाएंगे.
यूपी-जापान के बीच बड़ा समझौता, हर साल 10 लाख मीट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोजन बनाने का लक्ष्य
इनडेकोर सिटी, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और युवा उद्यमी योजनाओं के जरिए सोहना-NCR क्षेत्र को आने वाले वर्षों में उद्योग, डिजाइनिंग और रोजगार के बड़े हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है.


