Gurugram Metro Update: ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है. सेक्टर-9 से डीएलएफ साइबर सिटी तक 30.7 किलोमीटर लंबे मेट्रो रूट के निर्माण का टेंडर मंजूरी के लिए गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने हरियाणा सरकार को भेज दिया है. सरकार से मंजूरी मिलते ही टेंडर जारी कर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. इस रूट पर कुल 28 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने हैं. माना जा रहा है कि अगले महीने के पहले सप्ताह तक दूसरे चरण के निर्माण का टेंडर जारी किया जा सकता है.
मुरादाबाद की बदलेगी तस्वीर! 35 करोड़ से बनेगा नया फोर लेन पुल
तीन चरणों में पूरी होगी परियोजना
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना को तीन चरणों में बांटा गया है. पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो का निर्माण होना है. इसमें द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-101 का स्पर भी शामिल है. इस चरण का करीब 12 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. दूसरे चरण में सेक्टर-9 से डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. वहीं तीसरे चरण में सेक्टर-33 में मेट्रो डिपो का निर्माण प्रस्तावित है. डिपो के निर्माण पर करीब 1409 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. परियोजना से जुड़े टेंडर की तकनीकी और वित्तीय जांच की जा रही है.
इन इलाकों को मिलेगी मेट्रो कनेक्टिविटी
दूसरे चरण में प्रस्तावित स्टेशन सेक्टर-9, सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, सेक्टर-21, उद्योग विहार फेज-1 और डीएलएफ साइबर सिटी समेत प्रमुख क्षेत्रों को कवर करेंगे. इस कॉरिडोर के बनने से ओल्ड गुरुग्राम, पालम विहार, उद्योग विहार और साइबर सिटी के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है.
सिर्फ 5 मिनट में मोरपंख और धोती से सजाएं अपना बच्चा, यहां जानें सबसे आसान मेकअप हैक्स
कृष्णा चौक पर बनेगा फ्लाईओवर
मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण के साथ कृष्णा चौक पर फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा. जीएमआरएल ने इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) से करीब 100 करोड़ रुपये की मांग की है. फ्लाईओवर का निर्माण भी मेट्रो परियोजना के टेंडर में शामिल किया जाएगा. मेट्रो के इस चरण को मंजूरी मिलने के बाद गुरुग्राम के पुराने शहर और साइबर सिटी के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.


