India First LNG Train: भारतीय रेलवे ने स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन से भारत की पहली LNG (Liquefied Natural Gas) से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इस मौके पर उन्होंने साबरमती डिवीजन में रेलवे की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. इन परियोजनाओं पर कुल 1,472 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- 8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्टर 4 के साथ ₹72,000 मिनिमम बेसिक सैलरी की मांग, कर्मचारियों के लिए क्या है प्रस्ताव?
पर्यावरण और यात्री सुविधाओं पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि साबरमती डिवीजन में शुरू की गई परियोजनाएं पर्यावरण से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के साथ यात्रियों की सुविधा और रेलवे सुरक्षा को मजबूत करेंगी. उन्होंने साबरमती रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का भी जिक्र किया. शाह ने कहा कि स्टेशन और उससे जुड़ी सुविधाओं में व्यापक बदलाव किया गया है और नई परियोजनाओं से इस क्षेत्र के यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा.
डीजल की खपत में बड़ी कमी का दावा
अमित शाह ने भारतीय रेलवे में डीजल पर निर्भरता कम होने का आंकड़ा भी साझा किया. उनके मुताबिक, 2015-16 में रेलवे में 293 करोड़ लीटर डीजल की खपत होती थी, जो 2024-25 में घटकर 108 करोड़ लीटर रह गई. उन्होंने कहा कि 2030 तक डीजल की खपत को शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है. शाह ने इसे रेलवे के विद्युतीकरण और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ने से जोड़ते हुए कहा कि इससे देश की विदेशी मुद्रा की भी बचत होगी.
एक साल में 7,188 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण
गृह मंत्री ने रेलवे विद्युतीकरण की रफ्तार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 2010-11 में एक साल में केवल 75 किलोमीटर रेलवे लाइन का विद्युतीकरण हुआ था, जबकि 2023-24 में एक ही साल में 7,188 किलोमीटर का विद्युतीकरण किया गया. उन्होंने दावा किया कि भारतीय रेलवे नेटवर्क का 99.6 प्रतिशत हिस्सा विद्युतीकृत हो चुका है और शेष हिस्से को भी पूरा करने का लक्ष्य है.
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके शासनकाल में विकास और भ्रष्टाचार को लेकर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि देश के लोगों को विकास के अंतर को लेकर कांग्रेस नेताओं से सवाल पूछना चाहिए. शाह ने कांग्रेस के पिछले शासनकाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को लेकर कहा कि उनके अनुसार पिछले 12 वर्षों में भ्रष्टाचार का कोई आरोप साबित नहीं हुआ है.
अहमदाबाद में अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल हुए शाह
भारत की पहली LNG-powered ट्रेन को रवाना करने के अलावा अमित शाह ने अहमदाबाद में आचार्य श्री पद्मसागर सूरीश्वर जी महाराज के 92वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया. LNG ट्रेन की शुरुआत को भारतीय रेलवे की वैकल्पिक ईंधन तकनीक की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है. इससे पहले 2026 में भारत ने अपनी पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन भी शुरू की थी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 17 लाख झुग्गीवासियों के पुनर्वास की तैयारी, DDA ने निजी डेवलपर्स से मांगा सहयोग


