Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बीच बाजार दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया और उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो में आरोपी ने कई आपत्तिजनक बातें कही हैं, इसलिए उसे सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है.
वीडियो में क्या बोला आरोपी?
वायरल वीडियो में आरोपी प्रदीप खुद को हत्यारा बताते हुए कहता है कि उसने सुनील को तीन गोलियां मारीं. वह दावा करता है कि वारदात में 315 और 312 बोर के हथियार का इस्तेमाल किया गया. उसने कहा कि इस घटना के लिए उसका कोई परिजन या परिचित जिम्मेदार नहीं है.
एपस्टीन फाइल्स से सामने आई तस्वीर ने मचाया बवाल, दो महिलाओं के बीच दिखे स्टीफन हॉकिंग
वीडियो में वह पत्नी को भी मारने की धमकी देता दिखाई देता है. साथ ही घर छोड़कर जाने वाली महिलाओं के खिलाफ खुलेआम हिंसा की चेतावनी देता है. आरोपी ने यह भी आरोप लगाया कि उसे हथियार उठाने के लिए हस्तिनापुर पुलिस ने मजबूर किया. उसने कुछ पुलिसकर्मियों पर मदद न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे कोर्ट से जुड़े दस्तावेज नहीं दिए गए. आरोपी ने यह भी कहा कि वह हथियार नहर में फेंक देगा और वीडियो को पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही.
हत्या का लाइव वीडियो भी सामने आया
घटना का कथित लाइव वीडियो भी सामने आया है. इसमें आरोपी मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे हुए पीछे से आता दिखता है और सुनील पर गोली चला देता है. पहली गोली लगते ही सुनील सड़क पर गिर जाता है, जिसके बाद आरोपी दो और गोलियां मारकर मौके से फरार हो जाता है. वारदात के दौरान बाजार में भीड़ मौजूद थी, लेकिन कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया. लोग मूकदर्शक बने रहे और घटना कैमरे में कैद होती रही.
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
मृतक सुनील उर्फ सुरेंद्र का आरोपी की पत्नी पूनम से प्रेम संबंध बताया जा रहा है. करीब एक साल पहले दोनों घर से चले गए थे और कोर्ट मैरिज कर ली थी. इसी को लेकर प्रदीप और सुनील के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि प्रदीप ने पहले भी सुनील को जान से मारने की धमकी दी थी. बुधवार दोपहर उसने बाजार में सुनील को घेरकर गोली मार दी और फरार हो गया. मृतक के चचेरे भाई विक्की पुत्र नानक चंद की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है.
इलाके में दहशत, पुलिस पर सवाल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. आरोपी द्वारा वीडियो में खुलेआम धमकी देने और पुलिस पर आरोप लगाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा. मामले की जांच जारी है.


