पलवल/फरीदाबाद: फरीदाबाद से सटे पलवल विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर है. क्षेत्र की तीन प्रमुख सड़कों का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. करीब साढ़े छह किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण पर लगभग 3.8 करोड़ रुपये खर्च होंगे. काम शुरू होने के बाद करीब पांच महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
फरीदाबाद से दिल्ली का सफर आसान, मीठापुर-महारानी बाग एक्सप्रेसवे शुरू; 40 मिनट का सफर घटकर 15 मिनट
बारिश के दौरान इन सड़कों की हालत खराब होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण शहर पहुंचना भी मुश्किल हो जाता था और रात में इन मार्गों पर सफर करना जोखिम भरा रहता था.
दीघोट-रुंधी सड़क का एक KM हिस्सा बनेगा
दीघोट से रुंधी जाने वाली सड़क का करीब एक किलोमीटर हिस्सा नए सिरे से तैयार किया जाएगा. मौजूदा सड़क की सिर्फ मरम्मत करने के बजाय इसकी चौड़ाई बढ़ाकर इसे ज्यादा मजबूत बनाने की योजना है. निर्माण के दौरान यातायात पूरी तरह बंद न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे. सड़क बनने के बाद ग्रामीणों और वाहन चालकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी.
असौटा-सेलोटी मार्ग भी होगा मजबूत
असौटा-सेलोटी मार्ग के करीब तीन किलोमीटर हिस्से का भी पुनर्निर्माण किया जाएगा. सड़क पर नई परतें बिछाकर इसे मजबूत किया जाएगा, ताकि रोजाना गुजरने वाले वाहनों का दबाव आसानी से सह सके. निर्माण कार्य में सड़क की आधार परत और पत्थर की परत तैयार करने का काम भी शामिल है. इससे आसपास के गांवों के लोगों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में सुविधा होगी.
नागल ब्राह्मण-लाडियाका मार्ग का सवा दो KM हिस्सा बनेगा
नागल ब्राह्मण से लाडियाका मार्ग का करीब सवा दो किलोमीटर हिस्सा भी नए सिरे से बनाया जाएगा. तीनों सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क नेटवर्क मजबूत होगा और गांवों से मुख्य मार्ग तक पहुंच आसान होगी. निर्माण प्रक्रिया के तहत काम शुरू होने के करीब 10 दिन बाद मौके पर कार्य शुरू करने का प्रावधान है. इसके बाद करीब पांच महीने में सड़कें तैयार करने का लक्ष्य है.
बल्लभगढ़ में स्कूली बच्चों को मिलेगी बड़ी राहत
उधर, बल्लभगढ़ के आर्य नगर में भी सड़क निर्माण का काम शुरू हो गया है. मिल्क प्लांट रोड से गंगोत्री स्कूल, रावल स्कूल और आर्य विद्या मंदिर स्कूल होते हुए सेक्टर-2 को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण गुरुवार से शुरू हुआ.खास बात यह रही कि सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कराई. सड़क बनने से क्षेत्र के हजारों स्कूली बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. मुख्य सड़क के साथ नौ गलियों का निर्माण भी आरएमसी से कराया जाएगा. इन कार्यों पर करीब 67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.
घर बैठे फ्री में पाएं GST नंबर: सरकारी दफ्तरों के चक्कर भूल जाइए, ये रहा सबसे आसान तरीका!
सीवर लाइन के बाद अब सड़क निर्माण
इस मार्ग पर कुछ दिन पहले सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हुआ था. इसके बाद बारिश के कारण सड़क निर्माण प्रभावित हो गया था. अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने के बाद मिल्क प्लांट रोड से सेक्टर-2 तक स्कूली बच्चों का आवागमन आसान और सुरक्षित होगा.


